Edited By Updated: 17 Dec, 2016 04:41 PM
भारतीय जनता पार्टी में विधानसभा चुनावों से पहले एक बार फिर से टिकट के लिए मैराथन आरंभ हो गया है। एक-एक सीट पर 10-10 तक दावेदार खड़े
जालंधर (पाहवा): भारतीय जनता पार्टी में विधानसभा चुनावों से पहले एक बार फिर से टिकट के लिए मैराथन आरंभ हो गया है। एक-एक सीट पर 10-10 तक दावेदार खड़े हो गए हैं जो टिकट के लिए जोर-आजमाइश कर रहे हैं। आज जालंधर आए भाजपा सांसद व पंजाब चुनाव प्रभारी नरेंद्र तोमर के आगे भी कई दावेदारों की कतार लग गई। जालंधर केंद्रीय, वैस्ट तथा नार्थ क्षेत्र में एक बार फिर से टिकट के लिए लड़ाई शुरू हो गई है। मौजूदा विधायक मनोरंजन कालिया, भगत चूनी लाल तथा के.डी. भंडारी से टिकट छीनने के लिए भाजपा के कई नेता मैदान में जुट गए हैं। इसी चक्कर में पार्टी के अंदर आने वाले कुछ दिनों में जब तक कि टिकटों की घोषणा नहीं हो जाती, बड़े स्तर की लड़ाई छिडऩे वाली है।
वैसे यह भाजपा के लिए नई बात नहीं है भाजपा में हर 5 वर्ष बाद यही मैराथन चलता है। दावेदारी जताने के बाद पार्टी के अंदर एक-दूसरे के लिए कुआं खोदने और खुद के लिए उसी कुएं से पानी निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाती। इन 2 दिनों में तोमर के सामने पार्टी के कई नेताओं ने दावेदारी जताई है। सूत्रों का कहना है कि दावेदारों में अधिकतर वही चेहरे हैं जो पिछली बार चुनावों से पहले भी दावेदारी जता चुके हैं। कुछ ने प्रदेश अध्यक्ष तो कुछ ने जिला अध्यक्ष के पास अपनी दावेदारी जताई है।
इस पूरी लड़ाई में संगठन भी पूरे मजे ले रहा है। भाजपा के लोगों के बीच टिकट को लेकर होने वाली लड़ाई को लेकर संगठन में भी खूब तमाशा देखा जा रहा है। अभी दावेदारों की सूची बनाकर उस पर पहले छोटी टोली तो बाद में बड़ी टोली बैठकर विचार करेगी। विचार में सहमति न बनने पर कुछ नामों को काट दिया जाएगा। यही प्रक्रिया अक्सर चलती है। यही सभी कुछ आने वाले दिनों में पंजाब भाजपा के अंदर देखने को मिलने वाला है।