Edited By Kamini,Updated: 11 Mar, 2025 01:18 PM

एक घर के बाहर फायरिंग होने की खबर सामने आई है।
चंडीगढ़ : एक घर के बाहर फायरिंग होने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ क्लबों में काम करने वाले एक युवक के गांव ठीकरीवाल में स्थित घर पर रात करीब 9 बजे कार सवार 2 बदमाशों ने फायरिंग कर दी। अमनप्रीत सिंह उर्फ हनी पुत्र गुरमेल सिंह ने बताया कि एक गोली उसके ताया के घर के गेट पर लगी, जिनका परिवार पिछले 20 वर्षों से इटली में रह रहा है तथा दूसरी गोली दीवार पर लगी, जहां अमनप्रीत सिंह सो रहा था। उस समय अमनप्रीत सिंह और उसकी मां दोनों ही घर में मौजूद थे, लेकिन अगर दूसरी गोली दीवार की बजाय खिड़की पर लगती तो अमनप्रीत सिंह को लग सकती थी।
अमनप्रीत सिंह ने तुरंत सारी घटना की सूचना थाना खमाणों को दी। थाने के मुख्य अधिकारी बलवीर सिंह सहित पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस घटना से पूरे इलाके भय का माहौल पैदा हो गया, क्योंकि इससे पहले जटाना ऊंचा गांव में भी इसी तरह की घटना में 3 लोगों को गोली मारकर फरार हो गए थे।
इस संबंधी जानकारी देते हुए अमनप्रीत सिंह उर्फ हनी ने बताया कि गोली चलने के 15 मिनट बाद उसके पास कनाडा से प्रिंस नामक युवक का फोन आया, जिसने धमकी दी कि आज तो तुम बच गए, लेकिन कल सुबह 9 बजे तुम्हारे घर पर फिर से गोली चलाई जा सकती है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने फिर कहा कि एक सप्ताह में उसे मार दिया जाएगा। अमनप्रीत सिंह ने पुलिस से अपनी जान की रक्षा करने की अपील की क्योंकि हमलावर कभी भी उन पर हमला कर सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, 2 महीने पहले, पास के एक गांव में गोली चलाई गई थी, लेकिन हमलावर आज तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस मामले की जांच में व्यस्त है और उन्होंने इस मुद्दे को सुलझाने के लिए कई टीमें नियुक्त की हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here