Edited By Updated: 03 Dec, 2016 11:19 AM
लापता हुए वार्ड नं. 13 खनौरी के केवल सिंह का शव सिरसा (हरियाणा) के नजदीक मिलने के बाद उसके परिवार वालों ने पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने के रोषस्वरूप नैशनल हाईवे नं. 71 दिल्ली-लुधियाना मुख्य मार्ग पर शव रख कर धरना दिया।...
खनौरी(स.ह.): लापता हुए वार्ड नं. 13 खनौरी के केवल सिंह का शव सिरसा (हरियाणा) के नजदीक मिलने के बाद उसके परिवार वालों ने पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने के रोषस्वरूप नैशनल हाईवे नं. 71 दिल्ली-लुधियाना मुख्य मार्ग पर शव रख कर धरना दिया। इस दौरान हाईवे पर 6 घंटे तक जाम लगा रहा।केवल सिंह नैशनल हाईवे नं. 71 का निर्माण करने वाली कम्पनी जी.एस.जी.सी. में बतौर ट्रक ड्राइवर काम करता था। उसके परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले ही उसका पातड़ा के कुछ व्यक्तियों से झगड़ा हुआ था जिसके बाद 26 नवम्बर को वह रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया था। केवल सिंह के परिजनों द्वारा उसकी हत्या का शक व्यक्त किया जा रहा था। इस पर थाना खनौरी पुलिस ने कुछ व्यक्तियों को पकड़ा और कॉल डिटेल के आधार पर मामले की जांच शुरू की थी।
धरने की सूचना मिलने पर डी.एस.पी. मूनक अजय पाल सिंह मौके पर पहुंचे। उनके द्वारा बनती कार्रवाई करने का आश्वासन देने पर भी जब लोगों ने जाम नहीं खोला तो एस.पी. (डी) संगरूर सेवा सिंह मल्ली को खुद धरनास्थल पर आना पड़ा। उन्होंने जब आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और एस.एच.ओ. खनौरी इंस्पैक्टर गुरप्रताप सिंह को लाइन हाजिर करने की घोषणा की तो प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला और मृतक केवल सिंह का अंतिम संस्कार किया। इसके बाद थाना खनौरी में परमजीत सिंह वासी असमानपुर, साहिब सिंह वासी गुम्बला, काबल सिंह निवासी शुतराना व 2 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।