Edited By Sunita sarangal,Updated: 12 Aug, 2020 11:55 AM
पुलिस को दिए बयानों में महेन्द्र कौर पत्नी शिन्दर सिंह ने कहा है कि 9 अगस्त को शाम 7 बजे के करीब उनके घर के सामने कुछ लोग आपस में लड़ रहे थे और........
बधनी कलां, चड़िक(बब्बी): गांव बुर्ज दुना में 2 पक्षों के बीच चल रही लड़ाई के दौरान छुड़वाने की कोशिश करते हुए सिर में ईंट लगने से घायल हुए 66 वर्षीय एक व्यक्ति शिन्दर सिंह की अस्पताल में मौत हो गई थी, जिसके बाद बधनी कलां पुलिस की ओर से मृतक की पत्नी महेन्द्र कौर के बयानों पर एक महिला सहित 4 व्यक्तियों के खिलाफ थाना बधनी कलां में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दिए बयानों में महेन्द्र कौर पत्नी शिन्दर सिंह ने कहा है कि 9 अगस्त को शाम 7 बजे के करीब उनके घर के सामने कुछ लोग आपस में लड़ रहे थे और वे एक-दूसरे पर ईंट पत्थर भी चला रहे थे, इस दौरान उसका पति शिन्दर सिंह जब उनकी लड़ाई खत्म करवाने के लिए मौके पर पहुंचा तो जसविन्दर सिंह उर्फ लाला नामक व्यक्ति द्वारा चलाई गई ईंट उसके सिर पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया लेकिन आरोपी उसके पति को उठा कर अस्पताल ले जाने की जगह खून से लथपथ उसे वहीं छोड़ कर घटनास्थल से फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने शिन्दर सिंह को उठा कर सिविल अस्पताल मोगा इलाज के लिए भर्ती करवाया परन्तु गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों ने उसे गुरु गोबिन्द सिंह मैडीकल कालेज फरीदकोट रैफर कर दिया गया, जहां इलाज दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना बधनी कलां में जसविन्दर सिंह उर्फ लाला निवासी बुर्ज दुना, हरपिन्दर सिंह उर्फ बिन्दा पुत्र गुरदीप सिंह निवासी बुर्ज दुना, गुरदीप सिंह पुत्र गुरचरन सिंह निवासी बुर्ज दुना और लखविन्दर कौर पत्नी बलजीत सिंह निवासी बुर्ज दुना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्यवाही सहायक थानेदार सेवक सिंह की ओर से अमल में लाई जा रही है।