Edited By Kalash,Updated: 10 Apr, 2024 12:26 PM
कनाडा के एडमिंटन के एक नामी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक व जालंधर के एन.आर.आई. बूटा सिंह गिल की दिनदहाड़े गोलियां मार कर हत्या किए जाने का समाचार प्राप्त हुआ है
पंजाब डेस्क : कनाडा के एडमिंटन के एक नामी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक व जालंधर के एन.आर.आई. बूटा सिंह गिल की दिनदहाड़े गोलियां मार कर हत्या किए जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। उन्हें मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। इस घटना में उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। आपको बता दें कि जालंधर के फिल्लौर के रहने वाले बूटा सिंह कनाडा में बड़े कंस्ट्रक्शन कारोबारी और एडमिंटन में ही एक गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भी थे। उनकी मौत के बाद पंजाब में स्थित उनके गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
यह वारदात अल्बर्टा प्रांत में मिलवुड आरईसी सेंटर के पास हुई। यहां पर बूटा की कंपनी की एक बड़ी कंस्ट्रक्शन साइट थी। सूत्रों के अनुसार निर्माण स्थल पर बूटा सिंह गिल, निक धालीवाल व सिविल इंजीनियर सरबजीत सिंह मौजूद थे। यहां पर बूटा सिंह व निक धालीवाल की किसी बात को लेकर बहस हो गई और धालीवाल ने गोली चला दी। जिससे बूटा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और इंजीनियर सरबजीत सिंह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी निक धालीवाल ने खुद को भी गोली मार कर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि बूटा सिंह गिल ने कुछ समय पहले पुलिस को शिकायत दी थी कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और उन्हें सुरक्षा दी जाए। हांलाकि सरकार द्वारा उन्हें सुरक्षा नहीं दी गई और गत दिन उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here