Edited By Punjab Kesari,Updated: 26 Aug, 2017 04:19 PM
शहर में अवैध निर्माण, सील हुई इमारतों में भी निर्माण कार्य हो रहा है और निगम का कामकाज ठप्प है। इसके लिए पार्षद सुरिन्द्र सुल्तानविंड ने मंत्री नवजोत सिंह को जिम्मेदार ठहराया है।
अमृतसर (रमन): शहर में अवैध निर्माण, सील हुई इमारतों में भी निर्माण कार्य हो रहा है और निगम का कामकाज ठप्प है। इसके लिए पार्षद सुरिन्द्र सुल्तानविंड ने मंत्री नवजोत सिंह को जिम्मेदार ठहराया है।
सुल्तानविंड ने कहा कि जब से पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से कोई जनहित का कार्य नहीं हुआ है केवल मीडिया के सामने सुर्खियों में आने के अलावा कुछ नहीं किया गया है। उन्होंने मंत्री सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा कि सिद्धू अपने गृह क्षेत्र में पिछले 18 दिन से चल रही नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल को बंद नहीं करवा पाए और उन्हें वेतन नहीं दिलवा पाए हैं। रोज सैंकड़ों लोग निगम में काम करवाने आते हैं और बैरंग लौट जाते हैं। आज जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र लोगों की पहली जरूरत बने हुए हैं पर लोगों के वे भी नहीं बन पा रहे हैं। निगम में 5 से 7 हजार प्रमाण पत्र पैंडिंग पड़े हुए हैं। निगम का लैंड विभाग हो या एम.टी.पी. विभाग, जहां चाहे वहां निर्माण करवा सकता है।
भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से कोट बाबा दीप सिंह 4 नंबर कित्ते में एक फड़ी दिन-दिहाड़े दुकान का रूप धारण कर गई। इसको लेकर निगम में शिकायतें भी हुईं, लेकिन भ्रष्ट अधिकारियों ने वहां कोई कार्रवाई नहीं की और उस बात को दबा दिया गया। उन्होंने कहा कि निगम में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर या तो मंत्री सिद्धू अपना उत्तर दें नहीं तो नैतिकता के आधार पर अपना इस्तीफा देकर अपनी फिल्मी दुनिया में चले जाएं। वह पंजाब के लोगों से ऐसा फिल्मी मजाक न करें।