Punjab: कर्ज लेकर लंदन भेजी बेटी की गोरे ने चाकू मारकर की ह+त्या

Edited By Vatika,Updated: 15 Jul, 2026 10:51 AM

murder in amritsar

जमीन बेचकर और लाखों रुपये का कर्ज लेकर विदेश भेजी गई माता-पिता की लाडली बेटी की लंदन में एक गोरे युवक द्वारा चाकू मारकर हत्या

तरनतारन (रमन):  जमीन बेचकर और लाखों रुपये का कर्ज लेकर विदेश भेजी गई माता-पिता की लाडली बेटी की लंदन में एक गोरे युवक द्वारा चाकू मारकर हत्या किए जाने का दुखद मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने भारत और ब्रिटेन सरकार से बेटी का शव जल्द से जल्द भारत लाने तथा हत्या के कारणों की निष्पक्ष जांच करवाकर न्याय दिलाने की मांग की है।

25 लाख रुपये का कर्ज लेकर भेजा था विदेश 
जानकारी देते हुए जिले के गांव पिद्दी निवासी किसान सुखदेव सिंह और उनकी पत्नी बलजीत कौर ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उन्होंने अपनी आधा किला जमीन बेचकर और लगभग 25 लाख रुपये का कर्ज लेकर अपनी 24 वर्षीय बेटी किरनदीप कौर को परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा के लिए लंदन भेजा था। परिजनों के अनुसार किरनदीप कौर ने कड़ी मेहनत करते हुए एमएससी की पढ़ाई पूरी की और वर्क परमिट भी हासिल कर लिया था। वर्तमान में वह लंदन के एक ग्रोसरी स्टोर में काम कर रही थी। परिवार ने बताया कि बीते रविवार की सुबह किरनदीप कौर अपने घर में मौजूद थी। इसी दौरान एक गोरा युवक कथित रूप से घर में दाखिल हुआ और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतका के माता-पिता के अलावा उसके भाइयों लवप्रीत सिंह, जगजीवन सिंह और छोटी बहन ने रोते हुए बताया कि किरनदीप कौर ने विदेश में पढ़ाई पूरी करने और अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए दिन-रात मेहनत की थी।

पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने की अपील
वह जल्द ही वहां पूरी तरह स्थापित होने वाली थी, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार के सपनों को चकनाचूर कर दिया। परिवार ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे नस्लीय भेदभाव या नफरत से जुड़ा कारण हो सकता है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा ब्रिटेन पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा। पीड़ित परिवार ने ब्रिटेन सरकार और संबंधित जांच एजेंसियों से मांग की है कि किरनदीप कौर की हत्या के पीछे के कारणों और आरोपी के खिलाफ की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी उन्हें दी जाए। इसके साथ ही भारत सरकार और पंजाब सरकार से भी किरनदीप कौर का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने में सहायता करने की अपील की गई है।इस दुखद घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव पिद्दी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!