Edited By Kalash,Updated: 04 Jun, 2026 03:05 PM

अमृतसर के अजनाला इलाके में उस समय दहशत और सनसनी का माहौल बन गया जब लक्खूवाल रोड पर संदिग्ध हालातों में शव मिलने की खबर सामने आई।
अमृतसर (रमन): अमृतसर के अजनाला इलाके में उस समय दहशत और सनसनी का माहौल बन गया जब लक्खूवाल रोड पर संदिग्ध हालातों में शव मिलने की खबर सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सड़क किनारे पड़े एक युवक के शव को देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के गले और चेहरे पर तेजधार हथियारों से किए गए हमलों के निशान मौजूद थे। जख्मों की हालत को देखते हुए ये मामला हत्या से जुड़ा लग रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही एस.एच.ओ. अजनाला कुलविंदर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके का मुआयना किया। पुलिस ने घटना वाली जगह के आसपास से सबूत इकट्ठा किए और फोरेंसिक जांच के लिए जरूरी कार्रवाई भी की गई। मीडिया से बात करते हुए एस.एच.ओ. कुलविंदर सिंह ने बताया कि लक्खूवाल रोड से एक युवक की लाश मिली है। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर तेजधार हथियार से हमले के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, ताकि उसके परिवार वालों और बैकग्राउंड के बारे में जानकारी इकट्ठा की जा सके। इसके साथ ही इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई का पता चल सके। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की पूरी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत की असली वजह और दोषियों के बारे में साफ जानकारी मिल पाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here