Edited By Punjab Kesari,Updated: 09 Feb, 2018 08:13 AM
पहले से ही विवादों में चल रही पल्र्ज कालोनी बठिंडा में गत रात्रि एक युवक की कथित तौर पर हत्या कर उसका शव पेड़ से लटका दिया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है लेकिन अभी तक पुलिस के पास आरोपियों का कोई सुराग नहीं है।
बठिंडा (बलविंद्र): पहले से ही विवादों में चल रही पल्र्ज कालोनी बठिंडा में गत रात्रि एक युवक की कथित तौर पर हत्या कर उसका शव पेड़ से लटका दिया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है लेकिन अभी तक पुलिस के पास आरोपियों का कोई सुराग नहीं है।
क्या है मामला
12-13 एकड़ जमीन का मालिक सतिंद्रपाल सिंह (21) पुत्र रेशम सिंह निवासी भोखड़ा एक समृद्ध परिवार का इकलौता पुत्र था। उसने 12वीं पास कर डिप्लोमा भी कर लिया था। यह परिवार सभी प्रकार के कर्ज से मुक्त था। गत दिन सुबह 10 बजे सतिंद्रपाल पशुओं के लिए चारा लेने के लिए घर से खेत गया जो पल्र्ज कालोनी के साथ ही स्थित है। करीब साढ़े 10 बजे उसकी अपने पिता से फोन पर बात भी हुई। दोपहर तक उसके घर न लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका। इस पर रेशम सिंह उसे देखने के लिए खेत पहुंचा जहां उसके बूट, चारा काटने वाली दात्री आदि पड़े थे व कुछ चारा भी कटा हुआ पड़ा था, लेकिन सतिंद्रपाल सिंह वहां पर नहीं मिला।
देर शाम समाजसेवी संस्था सहारा जनसेवा बठिंडा को सूचना मिली कि उजाड़ पड़ी पल्र्ज कालोनी में एक शव पेड़ से लटक रहा है। सहारा वर्करों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया व थाना नहियांवाला पुलिस भी मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि उक्त शव सतिंद्रपाल सिंह का ही है। शव को उतारकर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। स्थिति का जायजा लेने पर प्रतीत होता था कि सतिंद्रपाल ने खुदकुशी की है।
पुलिस को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता
करीब डेढ़ माह पहले पंजाब केसरी ने एक खबर प्रकाशित की थी कि विवादों में चल रही पल्र्ज कालोनी बुरी तरह उजड़ी पड़ी है। यहां पर अक्सर शरारती तत्व घूमते रहते हैं जो इसके क्लब से सामान भी चोरी कर चुके हैं। कुल मिलाकर चोर लुटेरों की पनाह-गाह भी बनी हुई है। इसलिए पुलिस को चाहिए कि वह इस कालोनी की ओर ध्यान दे क्योंकि यहां कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। अगर कालोनी की निगरानी होती तो उक्त घटना घटित न होती।
क्या कहते हैं मृतक के परिजन
मृतक के पिता रेशम सिंह का कहना है कि भले ही उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी लेकिन फिर भी उन्हें शक है कि किसी ने सतिंद्रपाल की हत्या करने के बाद उसके शव को पेड़ से लटका दिया है ताकि इसे खुदकुशी का मामला बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि सतिंद्रपाल पढ़ा-लिखा व आधुनिक सोच रखने वाला युवक था जो ऐसा काम नहीं कर सकता। इसके अलावा परिवार की आर्थिक हालत भी ठीक है व और भी कोई परेशानी नहीं थी जिससे वह खुदकुशी कर सके।
हत्या का मुकद्दमा दर्ज किया गया : थाना प्रभारी
थाना नहियांवाला के प्रभारी अंग्रेज सिंह व सहायक थानेदार सुदेश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता रेशम सिंह ने आशंका जाहिर की है कि सतिंद्रपाल सिंह की हत्या हुई है। इसलिए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।