Edited By Subhash Kapoor,Updated: 05 Oct, 2026 12:39 AM

देर रात नूरपुरबेदी-रूपनगर मुख्य मार्ग पर स्थित गांव तख्तगढ़ के डी.ए.वी. स्कूल के पास हुए एक सड़क हादसे में मिनी कैंटर की चपेट में आने से पैदल जा रहे एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। जबकि दूसरे प्रवासी मजदूर ने भागकर अपनी जान बचाई। उसे मामूली चोटें आई...
नूरपुरबेदी (भंडारी): देर रात नूरपुरबेदी-रूपनगर मुख्य मार्ग पर स्थित गांव तख्तगढ़ के डी.ए.वी. स्कूल के पास हुए एक सड़क हादसे में मिनी कैंटर की चपेट में आने से पैदल जा रहे एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। जबकि दूसरे प्रवासी मजदूर ने भागकर अपनी जान बचाई। उसे मामूली चोटें आई हैं और वह अस्पताल में उपचाराधीन है।
स्थानीय थाना प्रभारी इंस्पैक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान गोपी ऋषिदेव निवासी परमानंद गंज, जिला अररिया (बिहार) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उक्त प्रवासी मजदूर सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान रूपनगर की ओर से आ रहा एक मिनी कैंटर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गया। अंधेरे में हुई इस टक्कर के बाद कैंटर बेकाबू होकर पलट गया और इसकी चपेट में पैदल जा रहा गोपी ऋषिदेव आ गया।
हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके दूसरे साथी प्रवासी मजदूर ने भागकर अपनी जान बचाई। मामूली चोटें लगने के कारण वह श्री आनंदपुर साहिब में उपचाराधीन है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मिनी कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि कैंटर चालक हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है। थाना प्रभारी इंस्पैक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्री आनंदपुर साहिब के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। मृतक के वारिसों को सूचित कर दिया गया है।