जालंधर में हुक्का बार पर बड़ी रेड, लाखों का कैश और शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

Edited By Urmila,Updated: 31 Aug, 2026 04:29 PM

major raid on hookah bar in jalandhar

जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हुक्का बार पर छापा मारा।

जालंधर : जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने बस्ती बावा खेल इलाके में एक ठिकाने पर छापेमारी कर विदेशी शराब, हुक्का-चिलम, मोबाइल फोन, सोने के आभूषण और लाखों रुपये की नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देशों पर की गई। एडीसीपी जोन-2 माधवी शर्मा और एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया की निगरानी में थाना बस्ती बावा खेल की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयइंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बाबा काहनदास नगर में छापेमारी की। पुलिस ने गली नंबर-1 स्थित मकान नंबर 3 से तरसेम सिंह उर्फ सीमा, निवासी बाबा काहनदास नगर, को काबू किया। बताया जा रहा है कि पुलिस को आरोपी की अवैध गतिविधियों को लेकर पहले से सूचना मिली थी।

विदेशी शराब की कई बोतलें बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब मिली। बरामद शराब में ब्लैक लेबल की 8 बोतलें, बैलेन्टाइन की 10 बोतलें और जेमिसन की 4 बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 3 हुक्का चिलम और 3 हुक्का पाइप भी जब्त किए।

बैग से मिले 10.71 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार आरोपी के एक बैग की तलाशी लेने पर 10 लाख 71 हजार 990 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास से एप्पल का मोबाइल व टैबलेट, सैमसंग के दो फोन और एक वीवो मोबाइल फोन भी मिला। तलाशी के दौरान पुलिस ने 2 सोने के ब्रेसलेट और 4 सोने की अंगूठियां भी अपने कब्जे में ली हैं। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य सामान मिलने के बाद पुलिस अब इनके स्रोत की जांच कर रही है।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बस्ती बावा खेल में एक्साइज एक्ट, COTPA एक्ट की धारा 4-A व 21-A और BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट, चोरी और एक्साइज एक्ट से जुड़े करीब छह मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।  पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी की अवैध गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!