मानवता शर्मसार: खाली प्लॉट से मिट्टी में सने कपड़े में लिपटा मिला इंसानी भ्रूण, ऊपर रेंग रहे थे कीड़े

Edited By Vatika,Updated: 19 Nov, 2026 09:01 AM

ludhiana fetus found

महानगर के मुंडियां कलां स्थित लक्ष्मण नगर इलाके में बुधवार देर शाम मानवता को शर्मसार कर देने

लुधियाना (राज): महानगर के मुंडियां कलां स्थित लक्ष्मण नगर इलाके में बुधवार देर शाम मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक खाली प्लॉट में मिट्टी से सने कपड़े में लिपटा हुआ एक इंसानी भ्रूण बरामद हुआ, जिस पर कीड़े रेंग रहे थे।

यह खौफनाक दृश्य देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही थाना जमालपुर के अधीन पड़ने वाली मुंडियां पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर भ्रूण को कब्जे में लिया और बुधवार रात ही पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम लक्ष्मण नगर इलाके के निवासियों की नजर एक खाली प्लॉट में पड़े मिट्टी से सने कपड़े के एक संदिग्ध पोटलीनुमा टुकड़े पर पड़ी। नजदीक जाकर देखने पर उस पर कीड़े रेंगते हुए दिखाई दिए। संदेह होने पर जब स्थानीय लोगों ने उस पर पानी डालकर मिट्टी साफ की, तो अंदर इंसानी भ्रूण होने की पुष्टि हुई। यह खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोग इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे।

मामले की जानकारी देते हुए मुंडियां कलां पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल गुरिंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और भ्रूण को सिविल अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक मेडिकल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद भ्रूण लड़के का है या लड़की का। इसके अलावा मेडिकल रिपोर्ट से यह भी पता लगाया जाएगा कि भ्रूण कितने महीने का है और उसे कितनी देर पहले इस खाली प्लॉट में फेंका गया था। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस भ्रूण को खाली प्लॉट में कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया। क्या इसे दिन के उजाले में फेंका गया या रात के अंधेरे का फायदा उठाया गया। हेड कांस्टेबल गुरिंदर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है: घटनास्थल की ओर आने-जाने वाले सभी मुख्य रास्तों और गलियों में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!