Edited By Vatika,Updated: 06 Oct, 2026 09:09 AM

विरोध जताने पर उसके परिवार पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): थाना कूमकलां क्षेत्र में एक गांव के 65 वर्षीय बुजुर्ग पूर्व सरपंच द्वारा एक कामकाजी महिला अकाउंटेंट के साथ अश्लील हरकतें करने और विरोध जताने पर उसके परिवार पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मनचले पूर्व सरपंच की हरकतों से परेशान होकर जब पीड़िता के पिता और भाई उसे समझाने पहुंचे, तो दबंग आरोपी ने उन पर लोहे के फावड़े से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शातिर आरोपी ने खुद हमला करने के बाद उल्टे थाने पहुंचकर पीड़ितों के खिलाफ ही झूठी अर्जी दे दी। हालांकि पुलिस जांच में सच्चाई सामने आने के बाद थाना कूमकलां पुलिस ने आरोपी पूर्व सरपंच के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में पीड़ित महिला अकाउंटेंट ने बताया कि वह पेशे से अकाउंटेंट का काम करती है। गांव का 65 वर्षीय पूर्व सरपंच काफी समय से उस पर बुरी नीयत रखे हुए था। आरोपी ने उसके साथ कई बार अश्लील हरकतें और फब्तियां कसने की कोशिश की। जब महिला ने उसकी इन घिनौनी हरकतों का कड़ा विरोध किया और मर्यादा में रहने की चेतावनी दी, तो आरोपी अपने रुतबे की धौंस दिखाते हुए उसे झूठे पुलिस केसों में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकियां देने लगा। लोक-लाज और डर के चलते पीड़िता कुछ दिन चुप रही, जिसके बाद आरोपी के हौसले और बढ़ गए और वह रास्ते में आते-जाते भी उसे खुलेआम परेशान व प्रताड़ित करने लगा। रोज-रोज की मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार अपनी आपबीती अपने पिता और भाई के साथ साझा की। बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित पिता और भाई मामले को शांति से सुलझाने और पूर्व सरपंच को समझाने के लिए उसके पास गए।
परिजनों ने बुजुर्ग होने के नाते उसे अपनी उम्र का लिहाज करने और इस तरह की हरकतों से बाज आने को कहा। इस पर आरोपी पूर्व सरपंच आगबबूला हो गया और उसने गाली-गलौज करते हुए पास ही पड़ा लोहे का फावड़ा उठा लिया। आरोपी ने जान से मारने की नीयत से महिला के पिता और भाई पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे दोनों लहूलुहान होकर घायल हो गए। वारदात के बाद शातिर आरोपी ने कानून से बचने और मामले को दूसरा मोड़ देने के लिए थाने पहुंचकर उल्टा घायल पिता-भाई के खिलाफ ही मारपीट की झूठी शिकायत दे दी। हालांकि, पीड़िता जब अपने लहूलुहान परिजनों को लेकर थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की आपबीती सुनाई, तो पुलिस ने दोनों पक्षों की गहराई से तफ्तीश की। घटनास्थल के हालात और मेडिकल जांच के आधार पर आरोपी पूर्व सरपंच के दावों की पोल खुल गई और उसके द्वारा की गई दरिंदगी और हमले की पुष्टि हुई। थाना कूमकलां के जांच अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता के बयानों और घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 65 वर्षीय आरोपी पूर्व सरपंच के खिलाफ महिला से छेड़छाड़, शीलभंग करने की कोशिश, जानलेवा हमला, मारपीट और आपराधिक धमकियां देने से संबंधित गंभीर कानूनी धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी गांव से फरार हो गया है।