Edited By Kamini,Updated: 16 Jul, 2026 04:11 PM
पंजाब केसरी ग्रुप के संयुक्त संपादक अविनाश चोपड़ा एवं डायरेक्टर अभिजय चोपड़ा के साथ दिल्ली में इस्कॉन एवं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव कमेटी के चेयरमैन राजेश ढांडा तथा महासचिव संजीव सूद बांका की विशेष बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान आज 16 जुलाई को...
लुधियाना (सोनू) : पंजाब केसरी ग्रुप के संयुक्त संपादक अविनाश चोपड़ा एवं डायरेक्टर अभिजय चोपड़ा के साथ दिल्ली में इस्कॉन एवं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव कमेटी के चेयरमैन राजेश ढांडा तथा महासचिव संजीव सूद बांका की विशेष बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान आज 16 जुलाई को निकाली जा रही 30वीं विशाल एवं ऐतिहासिक भगवान जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर अविनाश चोपड़ा ने कहा कि पंजाब केसरी ग्रुप प्रारंभ से ही भगवान जगन्नाथ रथयात्रा से जुड़ा रहा है और भविष्य में भी पूरी निष्ठा से खड़ा रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 30वीं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा अपने भव्य स्वरूप, विशाल जनसमूह और धार्मिक उत्साह के कारण इतिहास के पन्नों में विशेष स्थान बनाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ जी अपने बड़े भाई बलदेव एवं बहन सुभद्रा के साथ आज मंदिर से बाहर निकलकर विशाल रथ पर आरूढ़ होंगे और भक्तों को सुलभ दर्शन देंगे।


यह वह दिव्य अवसर है, जब प्रभु स्वयं अपने भक्तों के बीच आकर उन्हें अपनी कृपा का पात्र बनाते हैं। अविनाश चोपड़ा ने कहा कि जो श्रद्धालु श्रद्धा, विश्वास और भक्ति भाव से भगवान जगन्नाथ के दर्शन करता है, प्रभु उसकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं तथा जीवन के कष्टों को दूर करने का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। चेयरमैन राजेश ढांडा ने कहा कि वो जीव धन्य होते हैं, जो भगवान जगन्नाथ जी को रथ पर विराजमान होते देखते हैं। क्योंकि भगवान जब रथ पर विराजमान होते हैं, तो अपार सम्पदा और लक्ष्मी जी की अटूट बारिश करते हैं। उन्होनें कहा कि रथयात्रा के शुभारंभ पर सोने-चांदी के सिक्के उपस्थित भाग्यशाली श्रद्धालुओं में बांटे जाएंगे।


रथ यात्रा मार्ग पर लुधियाना ज्वेलर्स एसोसिएशन लगाएगी विशाल स्वागत मंच : प्रधान आनंद सीकरी
भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा के प्रचार-प्रसार को लेकर लुधियाना ज्वेलर्स एसोसिएशन की एक विशेष बैठक प्रधान आनंद सीकरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान आनंद सीकरी ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा, आस्था, सेवा और जनकल्याण का महापर्व है। यह यात्रा हजारों श्रद्धालुओं की श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि लुधियाना ज्वेलर्स एसोसिएशन की ओर से रथयात्रा मार्ग पर एक विशाल स्वागती मंच लगाया जाएगा और भगवान की महा आरती की जाएगी ।

वहीं श्रद्धालुओं को आईसक्रीम व अन्य खाने की चीजें प्रशाद रूपी वितरण की जाएगी। महासचिव मनोज ढांडा ने कहा कि लुधियाना ज्वेलर्स एसोसिएशन हमेशा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार सहित भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा में शामिल होकर भगवान की कृपा का लाभ प्राप्त करें । इस अवसर पर भी उपस्थित थे।

रथयात्रा श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति का दिव्य प्रतीक : विकास पासी
एप्पल हाईट के विकास पासी ने 16 जुलाई को निकाली जा रही भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, प्रेम, सेवा, समरसता और मानव कल्याण का दिव्य संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने कहा कि इस पावन रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ जी, भाई बलभद्र जी एवं माता सुभद्रा जी का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश फैलाएं। हिमांशु पासी एवं नीतांशु पासी ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा युवाओं को संस्कृति, सेवा और संस्कारों से जोडऩे का दिव्य अभियान है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपनी गौरवशाली भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोडऩा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।


भक्ति का महापर्व है भगवान जगन्नाथ रथयात्रा : मीनू पाल खन्ना
भगवान जगन्नाथ जी सेवक मीनू पाल खन्ना ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति का महापर्व है। यह पावन यात्रा हमें सेवा, प्रेम, समानता और मानव कल्याण का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि रथयात्रा में भगवान स्वयं अपने भक्तों के बीच पधारकर सभी पर कृपा बरसाते हैं।
रथयात्रा आपसी भाईचारे का संदेश देती है : विजय दानव
भावाधस के विजय दानव ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा श्रद्धालुओं के लिए प्रभु के सुलभ एवं दिव्य दर्शन करने का दुर्लभ अवसर है। रथयात्रा समाज में प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देती है।


खालसा कॉलेज के बाहर शर्मा एवं मल्ली परिवार करेगा रथयात्रा का भव्य स्वागत
एडवोकेट वरिन्द्र शर्मा बॉबी एवं जिला भाजपा महासचिव नरिन्द्र सिंह मल्ली ने कहा कि शर्मा एवं मल्ली परिवार की ओर से खालसा कॉलेज के बाहर विशाल स्वागती मंच लगाकर भगवान जगन्नाथ जी की आरती की जाएगी और छप्पन भोग का प्रसाद लगाकर श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।

रथयात्रा मार्ग पर न्यू यंग फाइव स्टार क्लब लगाएगा विशाल स्वागती मंच:प्रधान राजेश जैन बॉबी
भगवान जगन्नाथ रथयात्रा में न्यू यंग फाइव स्टार क्लब की ओर से रानी झांसी रोड पर भव्य स्वागत मंच लगाया जाएगा। यह जानकारी विशेष मीटिंग में क्लब के प्रधान राजेश जैन बॉबी ने देते हुए बताया कि रथयात्रा का स्वागत श्रद्धाभक्ति भाव से किया जाएगा, वहीं सायं 5 बजे धार्मिक गायक कुमार संजीव मधुर भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति के रस में सराबोर करेंगे। इसके उपरांत सायं 7 बजे भगवान जगन्नाथ जी के रथ का भव्य स्वागत कर महाआरती की जाएगी तथा सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर एडवोकेट संदीप बहल, कपिल जैन, मदन मोहन सोनी, सचिन जैन, राजीव जैन, अंकित जैन, अमन जैन, शुभम जैन, गगन जैन, पुनीत जैन, अमित जैन तथा सोनू रेहलिया भी उपस्थित थे।

रथयात्रा के माध्यम से युवा पीढ़ी होगी धार्मिक परंपराओं से अवगत : भूपिन्द्र सिंह बसंत
बसंत प्लेटिनम एवं द टेबल के भूपिन्द्र सिंह बसंत व सन्नी बसंत ने कहा कि बच्चों और युवाओं को धार्मिक एवं सांस्कृति परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी आध्यात्मिक विरासत पर गर्व कर सकें।


श्रद्धालु रखें अपने कीमती सामान का ध्यान : सतीश गुप्ता
कमेटी के प्रधान सतीश गुप्ता ने अपील करते हुए कहा कि रथयात्रा में आने वाले श्रद्धालु अपना कीमती सामान घर पर छोड़ कर आएं। अपने साथ लाए गए मोबाइल, पर्स आदि कीमती वस्तुओं का ध्यान रखें।
जगन्नाथ जी की कृपा पाने के लिए अवश्य आएं रथयात्रा मार्ग पर : संजीव सूद बांका
कमेटी के महासचिव संजीव सूद बांका ने कहा कि भगवान जगन्नाथ जी आज अपनी कृपा एवं वैभव लुटाने के लिए विशाल रथ पर सवार होंगे। सभी श्रद्धालु उनकी कृपा पाने के लिए रथयात्रा मार्ग पर अवश्य आएं।


भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था की अनुपम पहचान : हिमांशु क्वात्रा
भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, अटूट आस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह विचार समाज सेवी व प्रोजेक्ट ब्लेसिंग लग्जूरिया वेस्टर्न लिविंग प्राइविट लिमिटेड के सी एम डी हिमांशु क्वात्रा ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि समाज को प्रेम, भाईचारे, सेवा और एकता के सूत्र में पिरोने वाला एक महान आध्यात्मिक पर्व है।

इस दिव्य यात्रा में प्रत्येक वर्ग के लोग श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। हिमांशु क्वात्रा ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ अपने भक्तों के बीच स्वयं रथ पर विराजमान होकर निकलते हैं, जिससे यह संदेश मिलता है कि भगवान सभी के हैं और उनके द्वार हर श्रद्धालु के लिए सदैव खुले हैं। रथ यात्रा हमें सेवा, त्याग, करुणा, विनम्रता और मानवता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देती है।






अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here