लाडोवाल Toll Plaza पर दिनदहाड़े 'चलती गाड़ी' से चोरी, 12 सेकंड के वीडियो में कैद हुई पूरी करतूत

Edited By Vatika,Updated: 21 Nov, 2026 09:21 AM

ladowal toll plaza

महानगर के सबसे व्यस्त और हाई-टेक सुरक्षा वाले लाडोवाल टोल प्लाजा पर भी चोरों के हौसले किस कदर

लुधियाना (राज): महानगर के सबसे व्यस्त और हाई-टेक सुरक्षा वाले लाडोवाल टोल प्लाजा पर भी चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां दिनदहाड़े टोल की लेन में धीमी रफ्तार से गुजर रहे एक लोडेड 'छोटे हाथी' के पिछले हिस्से से स्प्लेंडर बाइक सवार दो युवक उत्तम देसी घी की एक पेटी उतारकर फरार हो गए। इस पूरी वारदात का 12 सेकंड का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो मौके पर मौजूद किसी राहगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने न तो अपने चेहरे ढके थे और न ही उन्हें दिनदहाड़े पकड़े जाने का कोई खौफ था। हालांकि, पुलिस और सी.सी.टी.वी. कैमरों की पकड़ से बचने के लिए शातिर चोरों ने अपनी स्प्लेंडर बाइक की आगे और पीछे की दोनों नंबर प्लेटों पर लाल रंग की टेप चिपका रखी थी।

12 सेकंड के वीडियो में कैद हुई चोरों की पूरी करतूत
सामने आए 12 सेकंड के वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि लाडोवाल टोल प्लाजा की लेन में वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। इसी दौरान एक सफेद रंग के छोटे हाथी के ठीक पीछे स्प्लेंडर बाइक पर दो युवक आकर रुकते हैं: एक ने उतारी पेटी, दूसरा बाइक स्टार्ट रखकर करता रहा इंतजार: बाइक के पीछे बैठा युवक— जिसने भूरे रंग की टी-शर्ट और काली पैंट पहनी हुई है— बड़े आराम से नीचे उतरता है और चलते वाहन के पिछले हिस्से से पीले रंग की देसी घी की पेटी खींचकर उतार लेता है। इस दौरान उसका दूसरा साथी— जो काले रंग की फुल-स्लीव शर्ट और जींस पहने हुए है— बाइक स्टार्ट रखकर उसका इंतजार करता रहता है। पेटी उठाते ही युवक तुरंत बाइक पर बैठता है और दोनों टोल प्लाजा के बीच से ही वाहनों की भीड़ का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो जाते हैं।

7,600 रुपये की थी घी की पेटी, फगवाड़ा और जालंधर जा रहा था माल
मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात वीरवार दोपहर की है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि छोटा हाथी उनके रिश्तेदार का है। गाड़ी में उत्तम देसी घी का माल लुधियाना में मेट्रो के पास स्थित एक गोदाम से लोड किया गया था, जिसे पहले फगवाड़ा और उसके बाद जालंधर में सप्लाई किया जाना था। चोरी हुई एक पेटी में करीब 10 से 15 किलो देसी घी था, जिसकी बाजार कीमत लगभग 7,600 रुपये बताई जा रही है।

गांव फतेहाबाद के निकले संदिग्ध युवक, लाडोवाल पुलिस कर रही जांच
वारदात के बाद पीड़ित पक्ष ने मामले की सूचना थाना लाडोवाल की पुलिस को दी। शुरुआती छानबीन में सामने आया है कि चोरी करने वाले युवक हार्डीज वर्ल्ड के पीछे स्थित गांव फतेहाबाद के रहने वाले हैं। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, इस संबंध में गांव के सरपंच से भी उनकी बातचीत हुई है, जिन्होंने आश्वासन दिया है कि वे गांव आ जाएं और वे उनका चोरी हुआ सामान वापस दिलवा देंगे। फिलहाल, लाडोवाल पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!