Edited By Vatika,Updated: 25 Nov, 2026 02:43 PM

दक्षिणी बाईपास पर भयानक सड़क हादसा: सड़क किनारे खड़े टिप्पर से टकराई गैस सिलेंडरों से भरी बोलेरो पिकअप, 52 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत
दोराहा(विनायक): लुधियाना–चंडीगढ़ दक्षिणी बाईपास पर स्थित गुरुद्वारा श्री ब्रह्म बुंगा साहिब और रिजायका रिजॉर्ट के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 52 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिणी बाईपास रोड पर गुरुद्वारा श्री ब्रह्म बुंगा साहिब के नजदीक एक टिप्पर सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान दोराहा से लुधियाना की ओर जा रही गैस सिलेंडरों से लदी एक बोलेरो पिकअप गाड़ी पीछे से आकर सीधे खड़े टिप्पर में जा घुसी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और गाड़ी में सवार राजेश बुरी तरह अंदर फंसकर पिचक गया, जिस कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों और एंबुलेंस की मदद से काफी मशक्कत के बाद मृतक के शव को क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पायल की मोर्चरी में रखवा दिया है तथा हादसे संबंधी अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।