कमल कौर भाभी हत्याकांड में नया मोड़, मां और भाई को लेकर सामने आई हैरान करने वाली बात

Edited By Kalash,Updated: 21 Nov, 2026 02:24 PM

kamal kaur bhabhi case

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने विदेश भागे मुख्य आरोपी को UAE से भारत लाने से लेकर चार आरोपियों को गिरफ्तार करने और अदालत में चालान पेश करने तक लंबी कार्रवाई की, लेकिन अब मुकदमे की अहम...

बठिंडा (विजय वर्मा): सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने विदेश भागे मुख्य आरोपी को UAE से भारत लाने से लेकर चार आरोपियों को गिरफ्तार करने और अदालत में चालान पेश करने तक लंबी कार्रवाई की, लेकिन अब मुकदमे की अहम कड़ी माने जा रहे गवाह ही अदालत नहीं पहुंच रहे। हैरानी की बात यह है कि मृतका की मां और शिकायतकर्ता गिरजा देवी तथा उनके बेटे नरेश कुमार लगातार दूसरी बार अदालत में गवाही देने नहीं पहुंचे। अदालत पहले ही उनकी गैरहाजिरी पर जमानती वारंट जारी कर चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद 19 नवंबर को दोनों की अनुपस्थिति के कारण अभियोजन पक्ष की गवाही आगे नहीं बढ़ सकी। अब अदालत ने अगली सुनवाई 15 दिसंबर 2026 तय की है।

सवाल यह है कि आखिर मां और भाई लगातार दो तारीखों पर अदालत में क्यों नहीं पहुंचे? क्या कोई मजबूरी है या कोई अन्य वजह, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, उनकी गैरहाजिरी ने हत्या जैसे गंभीर मामले के ट्रायल की रफ्तार पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। आरोपियों के वकील मनप्रीत सिंह बराड़ के अनुसार, दोनों अहम गवाह इस बार भी अदालत में पेश नहीं हुए, जिसके चलते सुनवाई आगे टालनी पड़ी।

दो तारीखें, जमानती वारंट भी जारी, फिर भी गवाही नहीं

इस मामले में 22 सितंबर 2026 को अदालत में सुनवाई के दौरान गिरजा देवी और नरेश कुमार को गवाही के लिए बुलाया गया था, लेकिन दोनों गैरहाजिर रहे। अदालत ने इसे गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किए और अगली तारीख 19 नवंबर निर्धारित की। उम्मीद थी कि अगली सुनवाई पर दोनों अदालत पहुंचकर अपना बयान दर्ज करवाएंगे, लेकिन 19 नवंबर को भी दोनों पेश नहीं हुए। नतीजतन, अभियोजन पक्ष की गवाही की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अब 15 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में दोनों गवाहों की उपस्थिति महत्वपूर्ण होगी। देखना होगा कि अदालत की अगली तारीख पर गवाही शुरू हो पाती है या मामला एक बार फिर टलता है।

प्रमोशनल काम के बहाने बुलाया, फिर कर दी हत्या

लुधियाना के लक्ष्मण नगर की रहने वाली 30 वर्षीय कंचन कुमारी 9 जून 2025 को दोपहर करीब 3:30 बजे प्रमोशनल वीडियो और पेड प्रमोशन के काम के सिलसिले में घर से बठिंडा के लिए निकली थीं। पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों ने कारोबारी मुलाकात और प्रमोशनल असाइनमेंट का बहाना बनाकर उनसे संपर्क किया था। इसके बाद परिवार का कंचन से संपर्क टूट गया। पुलिस के मुताबिक, 9 और 10 जून की दरमियानी रात उनकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि कमरबंद से उनका गला घोंटा गया और शव को कार की पिछली सीट पर छोड़ दिया गया।

अस्पताल की पार्किंग में कार से मिला था शव

11 जून 2025 की रात भुच्चो कलां स्थित आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कार से दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पिछली सीट पर महिला का शव मिला। हालत खराब होने के कारण शुरुआत में पहचान करना भी मुश्किल था। बाद में मृतका की पहचान कंचन कुमारी के रूप में हुई, जो सोशल मीडिया पर कमल कौर भाभी के नाम से मशहूर थीं। उनकी मां गिरजा देवी की शिकायत पर बठिंडा कैंट थाने में एफआईआर नंबर 106, दिनांक 12 जून 2025 दर्ज की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटने से दम घुटना बताया गया।

सोशल मीडिया कंटेंट बना हत्या की वजह, पुलिस ने पांच लोगों को किया नामजद

पुलिस जांच में सामने आया कि कंचन के सोशल मीडिया वीडियो और कंटेंट को लेकर कथित आपत्ति के चलते हत्या की साजिश रची गई। पुलिस ने इसे मॉरल पुलिसिंग से जुड़ा मामला बताया। 13 जून 2025 को पुलिस ने जसप्रीत सिंह और निमरतजीत सिंह को गिरफ्तार किया था। जांच में अमृतपाल सिंह मेहरों को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया। वारदात के बाद वह UAE भाग गया था। पुलिस के अनुसार, रणजीत सिंह ने उसे अमृतसर एयरपोर्ट तक पहुंचाने में मदद की थी। बाद में पुलिस जांच में शमशेर सिंह उर्फ शेरा का नाम भी सामने आया। इस तरह कुल पांच आरोपियों की पहचान हुई। इनमें अमृतपाल सिंह मेहरों, जसप्रीत सिंह, निमरतजीत सिंह और रणजीत सिंह गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि शमशेर सिंह उर्फ शेरा अभी फरार है।

विदेश भागे मुख्य आरोपी को लाने में लगे 10 महीने

हत्या के बाद UAE भागे अमृतपाल सिंह मेहरों को भारत लाने में पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को करीब 10 महीने लगे। जनवरी 2026 में उसे शारजाह में हिरासत में लिया गया था। इसके बाद 10 अप्रैल 2026 को उसे UAE से डिपोर्ट कर भारत लाया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर बठिंडा पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लिया। उसके मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए। पुलिस ने 6 मई 2026 को अमृतपाल और रणजीत सिंह के खिलाफ पूरक चालान भी पेश किया। 10 अगस्त 2026 को अदालत ने अमृतपाल और रणजीत के खिलाफ भी हत्या के आरोप तय कर दिए। इससे पहले जसप्रीत और निमरतजीत के खिलाफ आरोप तय हो चुके थे।

चार आरोपी जेल में, पांचवां अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर

इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और अदालत की प्रक्रिया के बावजूद पांचवां आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हो पाया है। चार आरोपी जेल में हैं और उनके खिलाफ हत्या का ट्रायल चल रहा है। अब मामला गवाहों और सबूतों के आधार पर आगे बढ़ना है, लेकिन मृतका की मां और भाई की लगातार गैरहाजिरी ने सुनवाई को प्रभावित किया है। एक तरफ सोशल मीडिया पर लोकप्रिय रही 30 वर्षीय युवती की हत्या का मामला है, दूसरी तरफ अदालत में गवाही का इंतजार है। मुख्य आरोपी को विदेश से लाने, गिरफ्तारियां करने और आरोप तय होने के बाद अब न्यायिक प्रक्रिया की अगली महत्वपूर्ण कड़ी गवाहों के बयान हैं। ऐसे में 15 दिसंबर की सुनवाई बेहद अहम मानी जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!