Edited By Punjab Kesari,Updated: 10 Nov, 2017 08:57 AM
पंजाब में हिंदू नेताओं की हत्या करने के लिए जगतार और जिम्मी को एक अंग्रेज शूटर ने तैयार किया था। इस अंग्रेज शूटर का नाम 2009 में आर.एस.एस. के राष्ट्रीय सिख संगत के प्रमुख रुलदा सिंह की हत्या में उछल चुका है।
जालंधर(रविंदर शर्मा): पंजाब में हिंदू नेताओं की हत्या करने के लिए जगतार और जिम्मी को एक अंग्रेज शूटर ने तैयार किया था। इस अंग्रेज शूटर का नाम 2009 में आर.एस.एस. के राष्ट्रीय सिख संगत के प्रमुख रुलदा सिंह की हत्या में उछल चुका है। रुलदा सिंह की हत्या के मामले में यह अभी तक भारत को वांटेड है। इसी अंग्रेज शार्प शूटर ने ही पंजाब में हिंदू नेताओं की हत्या के लिए जगतार और जिम्मी को उत्साहित किया था और अपना उदाहरण दिया था। आर.एस.एस. के राष्ट्रीय सिख संगठन प्रमुख रहे रुलदा सिंह की हत्या को अंजाम देने में इंगलैंड के जिस शार्प शूटर का नाम 2009 के दौरान सामने आया था, उसी अंग्रेज शार्पशूटर का जिक्र एक बार फिर काबू किए गए रमनदीप, जगतार और जिम्मी के जरिए सामने आया है।
आर.एस.एस. नेता जगदीश गगनेजा की हत्या में ठीक उसी अंग्रेज शूटर का प्रयोग खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स द्वारा करवाया गया जिसने रुलदा सिंह पर गोलियां बरसाई थीं। वह उसी रात दिल्ली से इंगलैंड फरार हो गया था। मोगा पुलिस की हिरासत में आ चुके गैंगस्टर जिम्मी सिंह और जगतार सिंह जौहल उर्फ जग्गी कुछ दिन पहले ही इंगलैंड से भारत आए थे। इन दोनों ने कबूल किया कि भारत आकर 2 से 3 हत्याओं को अंजाम देने वाले अंग्रेज शूटर से वह इंगलैंड में हुई पार्टियों में मिल चुके हैं। इन दोनों द्वारा अंग्रेज शूटर का जो हुलिया बयां किया गया है वह हुलिया पूरी तरह से उसी अंग्रेज शूटर से मेल खाता है, जिसने पटियाला में रहने वाले रुलदा सिंह की हत्या को अंजाम दिया था।
आई.एस.आई. ने के.एल.एफ. को दोबारा पंजाब में अशांति फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी
रुलदा सिंह हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने वाले उस समय के काऊंटर इंटैलीजैंस के ए.आई.जी. पी.एस. विर्क का कहना है कि रुलदा सिंह की हत्या की साजिश मलेशिया में रची गई थी। वहीं से खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स को चलाने वाले हरमिंदर सिंह मिंटू ने इंगलैंड के शार्पशूटर को इस काम के लिए भारत भेजा था। ठीक उसी तर्ज पर दोबारा आतंकी व शार्प शूटरों के गठजोड़ ने पंजाब में माहौल खराब करने का प्रयास किया।