बंद पड़े निजी स्कूल में चल रहे अवैध कारोबार का पर्दाफाश, 23 लोगों को किया रेस्क्यू

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 18 Nov, 2026 08:27 PM

illegal operation uncovered at a defunct private school 23 people rescued

सीमावर्ती जिला तरनतारन में अवैध रूप से चलाए जा रहे नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और पुलिस द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान गांव जंड में एक बंद पड़े निजी स्कूल की इमारत में चल रहे कथित गैर-कानूनी नशा मुक्ति केंद्र का पर्दाफाश हुआ...

तरनतारन  (रमन) :  सीमावर्ती जिला तरनतारन में अवैध रूप से चलाए जा रहे नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और पुलिस द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान गांव जंड में एक बंद पड़े निजी स्कूल की इमारत में चल रहे कथित गैर-कानूनी नशा मुक्ति केंद्र का पर्दाफाश हुआ है। छापेमारी के दौरान केंद्र में बेहद खराब और अमानवीय परिस्थितियों में रखे गए नशे के आदी 23 मरीजों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इन सभी मरीजों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए गांव ठरू स्थित सरकारी पुनर्वास केंद्र में दाखिल करवाया गया है। इस कार्रवाई के दौरान केंद्र का संचालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सहायक सिविल सर्जन डॉ. जसप्रीत सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर, तहसीलदार पट्टी बलविंदर शर्मा, मनोरोग विशेषज्ञ डॉक्टर तथा थाना सदर पट्टी की पुलिस के साथ गांव जंड में छापेमारी की। इस दौरान सामने आया कि एक बंद पड़े निजी स्कूल की इमारत का इस्तेमाल नशा मुक्ति केंद्र के रूप में किया जा रहा था। जब टीम द्वारा केंद्र चलाने संबंधी आवश्यक लाइसेंस और अन्य कानूनी दस्तावेजों की जांच की गई तो मौके पर कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि केंद्र में नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए दाखिल करवाए गए मरीजों को कथित तौर पर जानवरों जैसे माहौल में बैरक बनाकर रखा जा रहा था। आरोप है कि मरीजों के साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी और उन्हें जंजीरों से बांधकर भी रखा जाता था। मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं और उचित उपचार उपलब्ध करवाने की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। दूसरी ओर इन मरीजों के परिवारों से प्रति मरीज करीब 20 हजार रुपए मासिक फीस वसूले जाने की बात भी सामने आई है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!