Edited By Updated: 25 Apr, 2017 10:19 AM
कच्चा कोट मोहल्ला बस्ती बावा खेल में रहने वाले एक शराबी ने पत्नी से हुए विवाद के बाद गुस्से में आकर अपने पेट में चाकू से 2 वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया।
जालंधर(शौरी): कच्चा कोट मोहल्ला बस्ती बावा खेल में रहने वाले एक शराबी ने पत्नी से हुए विवाद के बाद गुस्से में आकर अपने पेट में चाकू से 2 वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। मौके पर पहुंची 108 की एम्बुलैंस के ई.एम.टी. अनिल शर्मा ने घायलावस्था में पति को खून से सनी हालत में उठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालात नाजुक बनी हुई है। घायल की पहचान साहिब पुत्र विश्वनाथ निवासी बिहार हाल निवासी कच्चा कोट के तौर पर हुई है। रीना ने जानकारी देते हुए बताया कि उसकी शादी साहिब से हुए करीब 20 साल का समय हो चला है, उसके 4 बच्चे हैं।
शादी के बाद से पति शराब का अधिक सेवन करने के साथ घर में कलह करने का आदी हो गया था। घर का खर्चा चलाने के लिए वह घर के पास स्थित एक फैक्टरी में काम करती है। कुछ दिनों से उसका पति काम पर नहीं जा रहा था और सुबह ही शराब पीने लगा। बीती रात पति से इसी बात को लेकर विवाद हुआ। पीड़ित रीना ने बताया कि वह दोपहर के समय फैक्टरी में काम कर रही थी कि पति आकर गाली-गलौच करने लगा। इसके बाद वह तुरंत क्वार्टर आई और पति को समझाया परंतु इसी बीच पति ने चाकू निकालकर अपने पेट में 2 वार किए। मामले की जांच थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस द्वारा की जा रही थी।