Edited By Vaneet,Updated: 24 Apr, 2018 08:26 PM
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने कहा है कि गेहूं के खेतों में आग के कारण हुए नुकसान की भर...
फतेहगढ़ साहिब: मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने कहा है कि गेहूं के खेतों में आग के कारण हुए नुकसान की भरपाी सरकार करेगी। उनके निर्देशानुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़, राजस्व मंत्री सुखबिंदर सिंह सरकारिया, विधायक कुलजीत नागरा और नवतेज चीमा ने आज उन गांवों का दौरा किया जहां आग लगने से गेहूं की खड़ी फसल तबाह हो गई।
टीम के सदस्यों ने किसानों से हिम्मत रखने का आग्रह किया और सरकार की तरफ से किसानों को मुआवजे का आश्वासन दिया। बाद में जाखड़ ने पत्रकारों से केन्द्र सरकार की निंदा करते हुए कहा कि नीति बनाने वाले वो लोग हैं जो एयर कंडीशन कमरों में नीतियां बनाते हैं। उन्हें किसान तथा कृषि की हालत का कोई अंदाजा नहीं। किसानों की सब्सिडी खत्म करने तथा किसानों पर आयकर टैक्स लगाने वाले यही नीति निर्माता हैं। उनसे उम्मीद कैसे की जा सकती है।
प्राकृतिक आपदा का सामना किसान करता है और उसे राहत के तौर कुछ नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि कृषि पूरी तरह प्रकृति पर निर्भर है और किसान आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। ऐसे हालात में उसे सहारे की जरूरत है। यदि सरकारें उसकी मदद को आगे नहीं आयेंगी तो वो आत्महत्या ही करेगा। पंजाब सरकार किसानों की मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। राजस्व मंत्री सरकारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विशेष गिरदावरी के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए कि गिरदावरी पारदर्शी हो तथा यह ध्यान रखना है कि किसानों को पर्याप्त मुआवजा मिल सके। सरकार किसानों की पूरी मदद करेगी।