Edited By Kalash,Updated: 14 Nov, 2026 04:45 PM

भाई रणधीर सिंह नगर में नशे की लत और घरेलू कलह को लेकर उपजे विवाद में एक विवाहिता की बेहद दर्दनाक परिस्थितियों में मौत हो गई।
लुधियाना (राज): भाई रणधीर सिंह नगर में नशे की लत और घरेलू कलह को लेकर उपजे विवाद में एक विवाहिता की बेहद दर्दनाक परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान निर्मला रानी उर्फ अलका रानी के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति रवि कांत और उसके 22 वर्षीय नशेड़ी बेटे रोहित ने मारपीट कर जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या की है। वारदात से पहले आरोपियों ने घायल महिला की मोबाइल पर वीडियो बनाकर उसके भाई को भेजा और कहा कि वे आकर अपनी बहन को ले जाएं। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, अलका की सांसें थम चुकी थी। थाना सराभा नगर की पुलिस ने मृतका के भाई के बयानों पर पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर मुख्य आरोपी पति रवि कांत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेटा रोहित फरार है।
फिरोजपुर के गांव पंडोरी निवासी मृतका के भाई बलजीत कुमार और मौसेरे भाई संदीप शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि निर्मला रानी उर्फ अलका रानी की शादी करीब 25 वर्ष पूर्व भाई रणधीर सिंह नगर निवासी रवि कांत के साथ हुई थी। दंपति का 22 वर्षीय बेटा रोहित है, जो कथित तौर पर नशे का आदी है। आरोप है कि रोहित आए दिन नशे की पूर्ति के लिए अपनी मां से नकदी की मांग करता था, जिस कारण घर में लगातार क्लेश रहता था।
परिजनों के अनुसार शादी के शुरुआती कुछ साल ठीक बीतने के बाद पति रवि कांत ने निर्मला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और पूर्व में भी उस पर तेजधार हथियारों से हमला किया जा चुका था। इस पूरे मामले में नया और चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब 13 नवंबर को आरोपी रवि कांत ने मृतका के भाई बलजीत के मोबाइल फोन पर एक वीडियो क्लिप भेजी। इस वीडियो में निर्मला के हाथों पर चोट के गहरे निशान साफ दिखाई दे रहे थे और खुद उसका पति ही यह वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। वीडियो भेजने के साथ ही आरोपी ने संदेश दिया कि वे आएं और अपनी बहन को अपने साथ ले जाएं। यह वीडियो देख मायके वालों के होश उड़ गए और वे तुरंत लुधियाना के लिए रवाना हुए, लेकिन जब तक वे भाई रणधीर सिंह नगर पहुंचे, तब तक निर्मला की मौत हो चुकी थी। उन्होने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि मुख्य आरोपी रवि कांत पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी में चपरासी के पद पर तैनात है। कुछ समय पहले वह कृषि कार्यों व गेहूं में रखने के बहाने सल्फास की जहरीली गोलियां घर लेकर आया था। विवाद के दौरान जब गुस्से में आकर निर्मला ने सल्फास खाने की चेतावनी दी, तो संवेदनहीन बने पति ने उसे रोकने के बजाय कथित तौर पर ऐसा करने के लिए उकसा दिया। आक्रोश और प्रताड़ना से टूट चुकी महिला ने जहरीली गोलियां निगलने के साथ ही अपनी बाजू की नस भी काट ली। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पति उसे सही इलाज दिलाने के बजाय महज औपचारिकता निभाने के लिए एक निजी अस्पताल ले गया, जहां उसने डॉक्टरों से सल्फास खाने की बात पूरी तरह छिपा ली और केवल हाथ की मरहम-पट्टी करवाकर उसे वापस ले आया। समय पर उचित उपचार न मिलने के कारण जहर शरीर में फैल गया और उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी और थाना सराभा नगर के एसएचओ बलविंदर सिंह पुलिस टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि मृतका के परिवार ने एवं भाई बलजीत कुमार ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन की हत्या की गई है। इसके बाद आरोपी पति रवि कांत और बेटे रोहित शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति रवि कांत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार बेटे रोहित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। आज सिविल अस्पताल में डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here