Edited By Subhash Kapoor,Updated: 17 Jun, 2025 06:12 PM

अटारी बॉर्डर के नजदीक स्थित एक पुराने सरकारी बाग के पीछे आज पंजाब पुलिस और एक वांछित तस्कर के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में कुख्यात बदमाश हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी गंभीर रूप से घायल हो गया।
अमृतसर (अटारी): अटारी बॉर्डर के नजदीक स्थित एक पुराने सरकारी बाग के पीछे आज पंजाब पुलिस और एक वांछित तस्कर के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में कुख्यात बदमाश हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से 534 ग्राम हेरोइन और एक पिस्तौल बरामद की है। डीएसपी अटारी लखविंदर सिंह कलेर ने जानकारी देते हुए बताया कि जख्मी आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह हैप्पी पुत्र सुखा सिंह निवासी अटारी के रूप में हुई है। हैप्पी पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं और वह पुलिस को कई मामलों में वांछित था।
कुछ दिन पहले हैप्पी ने नेश्टा गांव के पास एक नाके पर पुलिस पर गोलीबारी कर फरार हो गया था। उस घटना में एक राहगीर की मौत हो गई थी। तब से घरिंडा पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आज जब पुलिस को सूचना मिली कि हैप्पी अटारी सरहद के पास एक बाग में छिपा हुआ है, तो पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान हैप्पी ने एक बार फिर पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई जो उसकी टांग में लगी। उसे गंभीर हालत में गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ पहले से दर्ज मामलों की भी जांच की जा रही है।