Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Jul, 2017 04:56 AM
सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल बंडाला के क्लर्क द्वारा वेतन में किया गया घोटाला 70 लाख.....
अमृतसर(दलजीत): सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल बंडाला के क्लर्क द्वारा वेतन में किया गया घोटाला 70 लाख से बढ़कर 2 करोड़ के पार हो गया है। शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। क्लर्क के बैंक खातों को जहां खंगाला जा रहा है वहीं अधिकारियों ने वेतन से संबंधित पिछले 5 वर्ष का रिकार्ड कब्जे में ले लिया है। क्लर्क सरकार को चूना लगा कर 2 वेतन अपनी मां और पत्नी के खातों में डाल रहा था।
जानकारी अनुसार सरकारी स्कूल बंडाला में तैनात क्लर्क पिछले लम्बे समय से सरकारी खजाने को चूना लगा रहा था। स्कूल में तैनात 17 कर्मचारियों की जगह 21 कर्मचारियों का वेतन निकलवा रहा था। जिला शिक्षा अधिकारी कंवलजीत सिंह और स्कूल के मौजूदा प्रिं. गिरीश की सूझबूझ से यह घोटाला उजागर हुआ है। पिछले लम्बे समय से जिस घोटाले को कोई अधिकारी बेनकाब नहीं कर सका उक्त घोटाले को उपरोक्त दोनों अधिकारियों ने पारदर्शिता और मेहनत के साथ काम करते उजागर किया है। डी.ई.ओ. कंवलजीत सिंह ने बताया कि अब तक हुई जांच में घोटाला 2 करोड़ से बढ़ जाने के आसार हैं। क्लर्क के बैंक खातों को अच्छी तरह खंगाला जा रहा है और रिकार्ड कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घोटाला सामने आने पर क्लर्क को सस्पैंड कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और सरकार को चूना लगाने वाले कर्मचारियों को भी बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। वर्णनीय है कि विभाग ने क्लर्क के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए भी उच्च अधिकारियों को लिखा है और स्कूल का स्पैशल ऑडिट भी करवाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, उसी तरह आश्चर्यजनक खुलासे हो सकते हैं।