Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Aug, 2017 01:45 PM
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ चल रहे साध्वी यौन शोषण मामले में 25 अगस्त फैसला आना है।
चंडीगढ़ः डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ चल रहे साध्वी यौन शोषण मामले में 25 अगस्त फैसला आना है। फैसला पंचकूला सी.बी.आई. कोर्ट सुनाएगी। इसके मद्देनजर प्रशासन जहां पर्याप्त चौकसी बरत रहा है, वहीं डेरा प्रेमी पंचकूला में एकत्र होने शुरू हो गए हैं।
डेरा प्रेमी मंगलवार देर रात से शहर में धारा 144 लागू होने के बावजूद सैक्टर 23 स्थित नामचर्चा घर व आसपास के इलाके में डटे हैं। इनकी संख्या करीब 50 हजार से ज्यादा है। अभी डेरा प्रेमियों के आने का क्रम जारी है। डेरा प्रेमी न जुटें इसके लिए सीमाएं सील कर दी गई हैं। पंजाब के बठिंडा, मानसा, संगरूर, पटियाला व बरनाला को भी संवेदनशील घोषित किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ की सीमाएं सील कर धारा 144 लगा दी गई है। स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन व हेलीकॉप्टर से रेकी के निर्देश दिए गए हैं। चंडीगढ़ के सेक्टर 16 के क्रिकेट मैदान को अस्थायी जेल में बदला गया है। जरूरत पडऩे पर अन्य स्टेडियमों को भी अस्थायी जेल बनाया जा सकता है।