Edited By Subhash Kapoor,Updated: 02 Jul, 2026 08:53 PM

निकटवर्ती गांव बहादुर खेड़ा में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में तबदील हो गया। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों की तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चलाए गए। जिससे एक महिला सहित 3 लोग घायल हो गए।
अबोहर (भारद्वाज) : निकटवर्ती गांव बहादुर खेड़ा में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में तबदील हो गया। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों की तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चलाए गए। जिससे एक महिला सहित 3 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी देते हुए गांव रायपुरा निवासी अंगद कुमार ने बताया कि वे गांव बहादुर खेड़ा में शादी समारोह में आए हुए थे। पड़ोसियों द्वारा शादी समारोह में बार-बार विघ्न डाला जा रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और पड़ोसियों ने उन पर ईंटों से हमला कर दिया, जिससे उसके साथ मौजूद रमनदीप कौर को भी चोटें आई।
दूसरी ओर काका सिंह ने बताया कि कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। जब वह उन्हें छुड़ाने गया तो उन्होंने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। जिससे वह घायल हो गया। झगड़े के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाई, जो अब सामने आई है। घटना के बाद घायलों के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सदर थाना प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को अस्पताल से एम.एल.आर. प्राप्त हो गई है। घायलों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।