Edited By Updated: 24 May, 2017 09:26 AM
संदिग्ध हालत में एक राज्यस्तरीय वुशू खिलाड़ी की मौत हो गई। इस घटना से पारिवारिक सदस्यों के साथ-साथ वुशू खिलाडिय़ों और क्षेत्रवासियों में शोक
भटिंडा(पायल): संदिग्ध हालत में एक राज्यस्तरीय वुशू खिलाड़ी की मौत हो गई। इस घटना से पारिवारिक सदस्यों के साथ-साथ वुशू खिलाडिय़ों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है। बहरहाल, मृत्यु के कारणों का पता लगाने हेतु शव पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है।
जानकारी के अनुसार वुशू खिलाड़ी करण राणा (19) पुत्र नंद लाल राणा निवासी 25 गज क्वार्टर रोजमर्रा की भांति जब वह समय पर नहीं उठा तो उसकी बहनों ने उसे उठाने हेतु आवाजें लगाईं। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर वे जब उसे उठाने पहुंचीं तो उन्होंने करण को मृत पाया। घटना ने पूरे परिवार को सदमे में ला दिया है। पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि करण रात्रि एक समारोह में गया था और वहां से लौटकर सोने चला गया। वह ठीक था और उसे कोई बीमारी भी नहीं थी। वह रोजाना सैर हेतु साढ़े 6 बजे उठता था परन्तु आज वह नहीं उठा।
मृत्यु के कारणों का पता लगाने हेतु शव सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम हेतु सुरक्षित रखवा दिया गया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविकता का खुलासा होगा। करण के कोच प्रदीप शर्मा ने बताया कि वह 12वीं कक्षा के बाद डिप्लोमा कर रहा था और पिछले करीब 7 वर्षों से समर्पित तौर पर वुशू खेल से जुड़ा हुआ था। वह राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बल पर अपनी पहचान बना चुका था।