Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Aug, 2017 03:23 AM
आम आदमी पार्टी के विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने वीरवार को यहां मीडिया को कहा कि केंद्र सरकार...
जालंधर(बुलंद): आम आदमी पार्टी के विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने वीरवार को यहां मीडिया को कहा कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर से पंजाब के साथ लगते पहाड़ी राज्यों को टैक्स में भारी छूट देकर पंजाब के साथ धक्का किया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की किसानी बदहाली की शिकार है और किसानों की आत्महत्याएं कांग्रेस के राज में और बढ़ी हैं, पर इसके बावजूद केंद्र सरकार ने पंजाब के लिए कोई योजना नहीं लागू की। पहाड़ी राज्यों को 1999 से विशेष टैक्स फ्री जोन में रखा जा रहा है, जिससे पंजाब की सारी इंडस्ट्री यहां से पहाड़ी राज्यों में शिफ्ट होती जा रही है। पंजाब में पिछले 10 सालों में 30 हजार इंडस्ट्रीज पलायन कर चुकी हैं। खैहरा ने कहा कि केंद्र सरकार या तो पंजाब को भी विशेष इंडस्ट्रीयल पैकेज के अधीन लाए या फिर तुरंत पहाड़ी राज्यों को दिया जाने वाला विशेष पैकेज रद्द किया जाए। पंजाब की बर्बादी के लिए रिवायती पार्टियां जिम्मेदार हैं।
पंजाब में अकाली दल और कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण ही पंजाब की इंडस्ट्री और किसानी बर्बाद हुई है। पहले किसान आत्महत्याएं करते थे, अब तो व्यापारी भी इस राह पर चलने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरेंद्र भाजपा की मोदी सरकार के हाथों में खेल रहे हैं। कैप्टन अपने खिलाफ ई.डी. और कई अन्य मामलों की चल रही जांच व कार्रवाई से बचने के लिए भाजपा के आगे सरैंडर कर चुके हैं। कैप्टन हर दूसरे माह मोदी को गुलदस्ता देने पहुंच जाते हैं पर मोदी ने कैप्टन को आज तक पंजाब के लिए फूटी कौड़ी नहीं दी। यहां तक कि कांग्रेस और अकाली मिलकर भी लंगर पर से जी.एस.टी. को हटवा नहीं सके।