Edited By Sunita sarangal,Updated: 01 Aug, 2021 10:38 AM
पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी के बाद पहली बार मुख्यमंत्री ने सिद्धू को लेकर...
चंडीगढ़/जालंधर(अश्वनी कुमार, धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने साफ कर दिया है कि पंजाब में मंत्रिमंडल फेरबदल कांग्रेस हाईकमान की सहमति से होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मुलाकात के दौरान मंत्रिमंडल फेरबदल पर चर्चा करेंगे। हालांकि मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मुलाकात या मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर कोई निर्धारित तारीख नहीं बताई।
संगरूर के सुनाम ऊधम सिंह वाला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में साढ़े चार साल के दौरान सरकार ने बेहतरीन कार्य किए हैं। पंजाब देश का ऐसा प्रदेश है, जो संभवत: पहली बार चुनावी घोषणापत्र के 90 फीसदी से ज्यादा वायदों को पूरा करने वाला प्रदेश बनेगा।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी के बाद पहली बार मुख्यमंत्री ने सिद्धू को लेकर भी बेबाकी से अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी को भी इस बात का कोई कन्फ्यूजन नहीं होना चाहिए कि सिद्धू पंजाब कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं और वह पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यह दोनों अलग-अलग जिम्मेदारियां हैं। इसलिए पंजाब में 2 पावर सैंटर बनने की बात को लेकर उठ रही चर्चाएं पूरी तरह बेमानी हैं। सिद्धू से पहले सुनील जाखड़ पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष थे, तब तो यह बात नहीं उठी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे खुद तीन बार पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसलिए उन्हें बखूबी पता है कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की ड्यूटी क्या होती है। जहां तक बात सिद्धू की तरफ से की जा रही मुलाकातों की है तो वह केवल अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। जब भी कोई अध्यक्ष बनता है तो उसे यह जानना होता है कि जिला स्तर पर पार्टी की क्या स्थिति है। पार्टी अध्यक्ष को तय करना होता है कि जिला स्तर पर पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए। इसके लिए अध्यक्ष को बैठकें करनी होती हैं और सिद्धू बैठकें कर रहे हैं। यह अध्यक्ष की ड्यूटी है और सिद्धू अपनी ड्यूटी पूरी कर रहे हैं।
18 नुक्तों में कई सरकार ने पहले ही पूरे किए
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान के स्तर पर गठित की गई मल्लिकार्जुन कमेटी ने पंजाब को लेकर जो 18 नुक्ती एजैंडा तैयार किया था, उनमें से कई मुद्दों पर तो सरकार पहले ही कार्य कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने 18 नुक्तों की बात सामने आने के बाद मल्लिकार्जुन कमेटी के साथ मुलाकात की थी, जिसमें उन्होंने सरकार की तस्वीर को साफ किया था। कमेटी को बताया गया कि कई प्वाइंट्स तो सरकार ने खत्म भी कर दिए हैं और जो बचे हैं, उन पर कार्य चल रहा है। अब जो दो-चार प्वाइंट रह गए हैं, उन्हें भी जल्द मुकम्मल कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम से सलाह के बाद पंजाब में होगा रोड शो
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक रोड शो का प्रस्ताव विचाराधीन है। कोविड के चलते इसे अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों की टीम के साथ चर्चा चल रही है। अगर विशेषज्ञों की अनुमति मिलती है तो राज्य में जल्द ही एक रोड शो निकाला जाएगा और जन-जन तक सरकार के कार्यों की बात पहुंचाई जाएगी।
पंजाब और अपने शहर की अन्य खबरें पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here