Edited By Subhash Kapoor,Updated: 08 Oct, 2026 08:31 PM
भारतीय जनता पार्टी जालंधर शहरी द्वारा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में पंजाब की भगवंत मान सरकार के खिलाफ स्थानीय शहीद-ए-आजम भगत सिंह चौक में जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और वरिष्ठ...
जालंधर : भारतीय जनता पार्टी जालंधर शहरी द्वारा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में पंजाब की भगवंत मान सरकार के खिलाफ स्थानीय शहीद-ए-आजम भगत सिंह चौक में जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से भाजपा पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर, पूर्व संसदीय सचिव कृष्ण देव भंडारी, अनुसूचित जाति मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश ढल्ल, पार्षद अमित ढल्ल, पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़, पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष सूद तथा रवि महेंद्रू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप कार्यालय से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों में केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई ने आम आदमी पार्टी की तथाकथित ईमानदार राजनीति की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि जो लोग सत्ता में आने से पहले भ्रष्टाचार खत्म करने के बड़े-बड़े दावे करते थे, आज वही भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे लोगों का संरक्षण करते दिखाई दे रहे हैं।
अशोक सरीन हिक्की ने कहा, “भगवंत मान की भ्रष्टाचार पर ‘टू-टू’ ने पूरे पंजाब में ‘थू-थू’ करवा दी है। पंजाब की जनता अब समझ चुकी है कि आम आदमी पार्टी की कथनी और करनी में कितना बड़ा अंतर है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का दावा करने वाली सरकार आज भ्रष्टाचार के आरोपों के बोझ तले दबी हुई नजर आ रही है।”
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता से किए गए वादे टूट चुके हैं और सरकार का पूरा ध्यान जनहित के कार्यों की बजाय अपने नेताओं को बचाने में लगा हुआ है। भाजपा जनता के हितों और पारदर्शी शासन के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी तथा भ्रष्टाचार के हर मामले को जनता के बीच लेकर जाएगी।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मनीष विज, जिला सचिव एवं मीडिया प्रभारी अमित भाटिया, श्याम शर्मा, अनु शर्मा, दविंदर कालिया, बलजीत प्रिंस, संजीव शर्मा मनी, मिंटा कोछड़, सनी शर्मा, योगेश मल्होत्रा, रविंदर धीर, देविंदर पाल सिंह डिंपी लुभाना, अजमेर सिंह बादल, सुमन राणा, मनजीत सरोया, दिनेश खन्ना घुंघरू, अनुज शारदा, मंडल अध्यक्ष दिनेश महेंद्रु, मनहर पाषाण, चंदन रखेजा, जरनैल सिंह डिंपला, सतपाल बठला, हैप्पी दीवान, दीपक तेलू, दीपक शर्मा, दीपाली बागड़िया, रिंकू मोदी, बाबू अरोड़ा, यजीत हुरिया, वरुण नागपाल, बृजमोहन गुप्ता, अजय ठाकुर, मनीष बल, सोनू हंस, दीपक बावा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



