सिटी रेलवे स्टेशन पर 2 दिन की नवजात को बेचने की कोशिश! GRP ने किया रेस्क्यू

Edited By Kamini,Updated: 25 Sep, 2026 09:39 AM

attempt to sell a newborn

सिटी रेलवे स्टेशन पर 2 दिन की नवजात बच्ची को कथित तौर पर बेचने की कोशिश की सूचना मिलते ही जी.आर.पी. थाने की पुलिस हरकत में आ गई।

जालंधर (पुनीत): सिटी रेलवे स्टेशन पर 2 दिन की नवजात बच्ची को कथित तौर पर बेचने की कोशिश की सूचना मिलते ही जी.आर.पी. थाने की पुलिस हरकत में आ गई। अधिकारियों ने बताया कि हैल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना मिली थी कि एक प्रवासी व्यक्ति अपनी 2 दिन की बच्ची को लेकर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालत में घूम रहा है और उसे बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही जी.आर.पी. ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची के पिता मनोज को भी काबू कर लिया।

जी.आर.पी. थाने के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर बलवीर सिंह घुम्मण ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे स्टेशन पर जांच शुरू की। बच्ची को ट्रेस करने के बाद उसे सुरक्षित कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की। बच्ची की हालत को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया और उसकी लगातार निगरानी की गई।

इंस्पैक्टर घुम्मण के अनुसार जांच के दौरान बच्ची के पिता की पहचान मनोज पुत्र मुंशी, निवासी गांव फूलवां, जिला जमुनीयां (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मनोज की पत्नी ने कुछ दिन पहले जालंधर के सिविल अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। आरोप है कि मनोज कथित तौर पर नशे की हालत में बच्ची को अस्पताल से अपने साथ बाहर ले आया और इसके बाद उसे लेकर रेलवे स्टेशन पहुंच गया।

वहीं सूचना मिलने के बाद जी.आर.पी. ने बिना देरी किए बच्ची को ढूंढने के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा बच्ची को बरामद कर लिए जाने के बाद उसे तत्काल चिकित्सकीय देखभाल के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इससे नवजात की जिंदगी सुनिश्चित हो सकी। अस्पताल में उपचार एवं निगरानी के बाद आज डॉक्टरों ने बच्ची को स्वस्थ घोषित कर दिया। इसके बाद बच्ची को लेने और उसकी देखभाल सुनिश्चित करने के लिए गांव के प्रमुख व्यक्तियों को बुलाया गया। इस दौरान महिंदर सिंह, हरप्रीत सिंह, राम सरण दास तथा आशा वर्कर अमनदीप कौर मौजूद रहे और बच्ची को उन्हें सौंप दिया गया।

जी.आर.पी. के अनुसार नवजात बच्ची को लेकर सामने आए इस मामले में उसके पिता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वह बच्ची को लेकर अस्पताल से रेलवे स्टेशन तक किन परिस्थितियों में पहुंचा। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!