Edited By Sunita sarangal,Updated: 22 Jun, 2026 05:05 PM

अमृतसर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने फिरौती और फायरिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गैंग के तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है।
अमृतसर: अमृतसर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने फिरौती और फायरिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गैंग के तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। यह खुलासा पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के कहने पर पंजाब के अलग-अलग जिलों में फिरौती और फायरिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदेव सिंह, जशनप्रीत सिंह और हरप्रसदीप सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये तीनों गैंगस्टर घनशामपुरिया नेटवर्क से जुड़े थे और विदेश में बैठे दो हैंडलर्स के कहने पर काम करते थे।
उन्होंने बताया कि आरोपी व्यापारियों और दूसरे लोगों को फिरौती के लिए फोन करते थे। अगर कोई व्यक्ति पैसे देने से मना करता था, तो ये शूटर उसके घर या ऑफिस के बाहर फायरिंग करके डर का माहौल बनाते थे। इसके बाद फिर से फिरौती मांगी जाती थी। पुलिस के मुताबिक यह गैंग लोगों के मन में डर पैदा करके उनसे पैसे वसूलता था।
पुलिस कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि अब तक की जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों ने पंजाब के अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और अमृतसर के ग्रामीण इलाकों में करीब 6 वारदातें की हैं। इन वारदातों में एक पेट्रोल पंप की लूट भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल भी बरामद की गई है, जिसकी फोरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस हथियार का इस्तेमाल कई वारदातों में किया गया होगा।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपियों से अच्छी तरह पूछताछ की जा रही है और जांच के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। इसके साथ ही गैंग के दूसरे सदस्यों की तलाश के लिए पंजाब के अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब करने वाले ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here