Edited By Vatika,Updated: 17 Aug, 2026 02:57 PM

कार सवार दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई।
तरनतारन (रमन): तरनतारन में नेशनल हाईवे पर खड़े एक खराब ट्रक से कार की टक्कर होने से कार सवार दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी देते हुए सिमरनप्रीत सिंह ने बताया कि उनकी गांव पिद्दी के सामने जिला प्रशासनिक परिसर के पास नेशनल हाईवे पर टायरों की दुकान है। शनिवार रात करीब 9:30 बजे उनके दोस्त अनमोलकप्रीत सिंह (25) पुत्र दिलबाग सिंह निवासी गांव पिद्दी और सुखराज सिंह (35) पुत्र रेशम सिंह निवासी गांव रूड़े आसल, जिला तरनतारन, अपनी आई-20 कार में सवार होकर तरनतारन शहर से उनकी दुकान की ओर आ रहे थे।

इसी दौरान जिला प्रशासनिक परिसर के सामने बनी सर्विस लेन पर खड़े एक खराब ट्रक के पीछे उनकी कार जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद दोनों घायलों को गुरु नानक देव अस्पताल, तरनतारन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिमरनप्रीत सिंह ने बताया कि अनमोलकप्रीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और अविवाहित था। उसकी बड़ी बहन कनाडा में पढ़ाई कर रही है, जबकि उसके पिता खेती का काम करते हैं। वहीं सुखराज सिंह विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। परिजनों ने इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करवाई। इसके चलते रविवार को दोनों दोस्तों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।