Edited By Vatika,Updated: 25 Jun, 2018 09:19 AM
जिला पुलिस ने ‘आप’ विधायक अमरजीत सिंह संदोआ पर हुए हमले के संबंध में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है और साथ ही पुलिस ने दूसरे हमलावरों के संबंध में लुक आऊट नोटिस जारी कर दिया है, ताकि वे विदेश न भाग सकें। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिला पुलिस...
रूपनगर (विजय): जिला पुलिस ने ‘आप’ विधायक अमरजीत सिंह संदोआ पर हुए हमले के संबंध में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है और साथ ही पुलिस ने दूसरे हमलावरों के संबंध में लुक आऊट नोटिस जारी कर दिया है, ताकि वे विदेश न भाग सकें।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिला पुलिस ने हमलावरों अजविन्द्र सिंह तथा बचित्र सिंह के संबंध में लुकआऊट नोटिस जारी कर दिया है ताकि वे विदेश न भाग सकें। भारत के सभी एयरपोर्ट्स को इस संबंध में सतर्क कर दिया गया है, क्योंकि पुलिस को शक है कि पुलिस के डर से ये आरोपी विदेश न भाग जाएं। यह भी पता चला है कि पुलिस ने हमले के मामले में अजविन्द्र सिंह के भाई देवेन्द्र सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है क्योंकि जो बंदूकें आदि पुलिस ने घटनास्थल से बरामद की थीं, उसका लाइसैंस देवेन्द्र सिंह के नाम पर था, जबकि वे बंदूकें अजविन्द्र सिंह लेकर आया था और उनका दुरुपयोग हो सकता था तथा वहां पर गोली चल सकती थी। पुलिस देवेन्द्र सिंह से हमले के संबंध में और पूछताछ कर रही है। आम आदमी पार्टी के विधायक अमरजीत सिंह संदोआ के हमलावरों को गिरफ्तार करने हेतु उनके लगभग एक दर्जन नजदीकी रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने हमले में 5 व्यक्तियों को नामजद किया था, जिनमें से 3 व्यक्तियों को पुलिस ने उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था और उन्हें अदालत में पेश करके 4 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर लिया था, परंतु हमले के मुख्य आरोपी अजविन्द्र सिंह बेईहारा तथा बचित्र सिंह को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस हमलावरों के नजदीकी रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर उनके ठिकानों के संबंध में पूछताछ कर रही है और उनके भिन्न-भिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, लेकिन आज सायं तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इसी बीच जिला पुलिस प्रमुख राजबचन सिंह संधू ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पहले ही आधा दर्जन से अधिक पुलिस टीमों का गठन किया गया है और वे विभिन्न स्थानों पर पहले ही रवाना कर दी गई हैं।