Edited By Vatika,Updated: 14 Sep, 2026 02:48 PM

पंजाब में सड़क पर लूटपाट का बेहद खतरनाक तरीका सामने आया है।
पंजाब डेस्क: पंजाब में सड़क पर लूटपाट का बेहद खतरनाक तरीका सामने आया है। इस स्कैम में लुटेरे सुनसान सड़कों पर पर्स फेंककर राहगीरों, खासकर एक्टिवा सवार महिलाओं को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसे लेकर जालंधर पुलिस ने लोगों को सावधान रहने और स्कैम से बचने के लिए जरूरी हिदायतें जारी की हैं।
कैसे काम करता है यह 'केमिकल पर्स स्कैम'
जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर हरदीप सिंह ने बताया कि जब कोई व्यक्ति ऐसी सड़क से गुजर रहा होता है, जिसके आसपास धान के खेत या सुनसान इलाका हो, तो स्कैमर सड़क पर एक पर्स फेंक देते हैं। राहगीर अक्सर पर्स उठाकर उसे खोल लेते हैं। पर्स के मालिक का पता लगाने के लिए वे उसमें रखे दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड या एड्रेस प्रूफ, अथवा पर्स में रखे पैसे देखने लगते हैं। पुलिस के अनुसार, इन पर्स में रखे नोटों पर कथित तौर पर एक विशेष केमिकल लगाया जाता है।
केमिकल के संपर्क में आने का दावा
बताया गया है कि जब कोई व्यक्ति इन नोटों को छूता है तो उसकी उंगलियों पर चिपचिपाहट महसूस हो सकती है। इसके बाद कुछ लोग अनजाने में उस पदार्थ को सूंघने की कोशिश कर सकते हैं। पुलिस की चेतावनी के मुताबिक, ऐसा करने पर व्यक्ति के बेहोश होने का खतरा बताया जा रहा है। आरोप है कि व्यक्ति के बेहोश होने के बाद स्कैमर उसका मोबाइल फोन, पैसे और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं और उसे सड़क पर छोड़ देते हैं।
बचाव के लिए पुलिस की हिदायतें
जालंधर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर सड़क पर कोई पर्स या संदिग्ध सामान पड़ा दिखाई दे तो उसे बिल्कुल न उठाएं और न ही खोलें। ऐसी किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे लालच या उत्सुकता में आकर अनजान सामान को छूने से बचें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।