Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 Mar, 2018 10:44 PM
पत्नी से झगड़ कर 2 बच्चों के पिता ने नहर में कूद कर खुदकुशी कर ली। पता चला है कि पति-पत्नी में काफी समय...
बठिंडा(परमिंद्र): पत्नी से झगड़ कर 2 बच्चों के पिता ने नहर में कूद कर खुदकुशी कर ली। पता चला है कि पति-पत्नी में काफी समय से विवाद चल रहा था व इसी बात से परेशान होकर उक्त व्यक्ति ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार परसराम नगर गली नं.-26/2 निवासी हरविंद्र सिंह (35) पुत्र भूरा सिंह अपनी पत्नी व 2 बेटों के साथ रहता था। वह परसराम नगर चौक में चिकन की रेहड़ी लगाता था। गत शाम को वह रोजाना की तरह रेहड़ी लेकर घर से निकला लेकिन घर वापिस नहीं लौटा। सुबह करीब 10 बजे नौजवान वैल्फेयर सोसायटी को नहर में बहिमण पुल से कुछ दूरी पर एक शव होने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर संस्था सदस्य मौके पर पहुंचे व थाना कैनाल कालोनी को इसकी सूचना दी गई।
पुलिस की मौजूदगी में संस्था सदस्यों ने शव को नहर से निकाला। इसी दौरान मृतक की पत्नी भी मौके पर पहुंची व सभी की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्तपाल पहुंचाया गया। गौरतलब है कि मृतक हरविंद्र सिंह की रेहड़ी बहिमण पुल के नजदीक खड़ी पाई गई जिससे प्रतीत होता है कि उसने वहीं पर नहर में छलांग लगाई होगी। पुलिस के अनुसार मृतक हरविंद्र सिंह का अपनी पत्नी के साथ विवाद था। गत रात्रि भी दोनों में झगड़ा हुआ जिसके बाद हरविंद्र रेहड़ी लेकर घर से निकल आया। इसी दौरान उसने नहर में कूद कर जान दे दी। यह भी पता चला है कि मृतक के भाई ने गत दिन पुलिस को इस संबंध में एक शिकायत भी दी थी। पुलिस मामले की और पड़ताल कर रही है जिसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।