डा. अम्बेदकर की प्रतिमा पर शरारती तत्वों ने मारी ईंटें

Edited By Sunita sarangal,Updated: 16 Sep, 2019 11:33 AM

गत रात आई.टी.आई. चौक पर स्थापित डा. भीम राव अम्बेदकर की प्रतिमा को शरारती तत्वों द्वारा ईंट मारकर नुक्सान पहुंचाने की कोशिश की गई।

राजपुरा(चावला, निर्दोष, के.बी.): गत रात आई.टी.आई. चौक पर स्थापित डा. भीम राव अम्बेदकर की प्रतिमा को शरारती तत्वों द्वारा ईंट मारकर नुक्सान पहुंचाने की कोशिश की गई। सूचना मिलने पर डा. अम्बेदकर नौजवान सभा (रजिस्टर्ड) के कौमी प्रधान हंस राज बनवाड़ी अपने साथियों सहित मौके पर पहुंच गए और पुलिस तथा विधायक हरदयाल कम्बोज को सूचित किया। दलित व वाल्मीकि भाईचारे के लोग घटनास्थल पर धरने पर बैठ गए और प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा बाबा साहेब की नई प्रतिमा लगाने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। 

सूचना मिलते ही एस.डी.एम. राजपुरा रजनीश अरोड़ा, डी.एस.पी. राजपुरा ए.एस. औलख, डी.एस.पी. घनौर मनप्रीत सिंह समेत स्थानीय और घनौर के पुलिस थानों के एस.एच.ओ. तथा पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। डी.एस.पी. (डी) पटियाला कृष्ण कुमार पैंथे ने इस दुर्घटना को बहुत ही निंदाजनक घटना बताया और कहा कि एस.एस.पी. मनदीप सिंह सिद्धू के दिशा-निर्देशों पर घटना की जांच के लिए टीमों का गठन कर लिया गया है। एस.डी.एम. रजनीश अरोड़ा ने कहा कि जिसने भी यह शरारत की है, उसने सिर्फ बाबा अम्बेदकर की प्रतिमा को ही नुक्सान नहीं पहुंचाया बल्कि उसने भारतीय संविधान पर भी हमला किया है।

डी.एस.पी. राजपुरा ए.एस. औलख ने कहा कि पुलिस सी.सी.टी.वी. कैमरों की चैकिंग कर रही है। एस.डी.एम. रजनीश अरोड़ा के दफ्तर में रखी बैठक में विधायक हरदयाल सिंह कम्बोज, डी.एस.पी. राजपुरा ए.एस. औलख, डी.एस.पी. (डी) पटियाला कृष्ण कुमार पैंथे, नगर कौंसिल प्रधान नरिंदर शास्त्री और वाल्मीकि भाईचारे की ओर से डा. अम्बेदकर नौजवान सभा कौमी के जिला प्रधान हंस राज बनवाड़ी, हंस राज, दर्शन लाल चौधरी, कमल कुमार पप्पू, शिव कुमार मोनी, शिव कुमार घई, राजिंदर बीरा, अशोक धमौली के साथ अशोक बिट्टू, जोगिंदर टाइगर इत्यादि एकत्रित हुए।

विधायक कम्बोज अपने खर्च पर लगवाएंगे बाबा साहेब की प्रतिमा:
एस.डी.एम. राजपुरा ने बताया कि स्थिति को संभाल लिया गया है। विधायक हरदयाल कम्बोज ने कहा कि जिस व्यक्ति ने बाबा साहेब की प्रतिमा को नुक्सान पहुंचाया है, उसे लोगों के समक्ष लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह अपने खर्च पर 10 से 15 दिनों में उससे भी सुंदर प्रतिमा उक्त जगह पर स्थापित करवाएंगे। 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!