Edited By Updated: 04 Nov, 2016 12:13 PM
पंजाब सरकार की ओर से करवाए जा रहे छठे विश्व कबड्डी कप का गत दिवस देर शाम नेहरू स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम के साथ आगाज हो गया ।
रूपनगरः पंजाब सरकार की ओर से करवाए जा रहे छठे विश्व कबड्डी कप का गत दिवस देर शाम नेहरू स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम के साथ आगाज हो गया । मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने प्रतीक झंडा फहराकर उद्घाटन की रस्म अदा की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने मार्च पास्ट की सलामी ली। उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने सभी टीमों के कप्तानों के साथ गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाकर विश्व कबड्डी कप के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर श्रीलंका के पैट्रोलियम मंत्री चंडिमा वीरकोटी विशेष मेहमान थे। विश्व कबड्डी कप में पुरुष वर्ग में 12 और महिला वर्ग में आठ टीमें भाग ले रही हैं। पहला मैच शुक्रवार को गुरदासपुर में अर्जेंटीना और तंजानिया के बीच खेला जाएगा। फाइनल मैच 17 नवंबर को खेला जाएगा।
मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि पंजाबियों का प्रमुख खेल कबड्डी आज दुनिया के कोने-कोने में पहुंच चुकी है। पंजाब सरकार ने खेल और खिलाड़ियों के लिए सूबे में उच्चस्तरीय आधुनिक विश्वस्तरीय खेल ढांचा सृजित किया है। छठे कबड्डी विश्व कप की खासियत यह है कि इस बार नए गांवों व कस्बों में मैच करवाए जा रहे हैं। उन्होंने उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की सराहना करते कहा कि उनकी कोशिशों का ही परिणाम है कि पंजाब का विरासती ग्रामीण खेल विश्व के बड़े खेल मुकाबलों में गिना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने भारतीय संविधान के पितामह और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि भेंट करते हुए कहा कि यह कबड्डी कप उनके जन्म दिवस पर समर्पित होगा। इससे पहले उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार ने खेल ढांचे में क्रांतिकारी तबदीली लाई और कबड्डी को नई बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि कबड्डी के साथ पंजाबी जज्बाती तौर पर जुड़े हुए हैं।
इस दौरान नूरां सिस्टर्स, जसपिंदर नरूला, शैरी मान और हर्षदीप ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। ओलंपियन राजपाल सिंह, प्रसिद्ध एथलीट मनदीप कौर और कबड्डी खिलाड़ी गुरप्रीत सिंह ने खेल की मशाल जलाई।