Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Feb, 2018 11:05 AM
केंद्र सरकार द्वारा आम बजट में जिस तरह किसानों के लिए विशेष योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया
जालंधर (पाहवा): केंद्र सरकार द्वारा आम बजट में जिस तरह किसानों के लिए विशेष योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया, उसी अंदाज में अब भाजपा एक बार फिर से देश भर में किसानों के लिए अभियान आरंभ करने जा रही है। देश भर में किसानों से न केवल उनकी दिक्कतों बारे पूछा जाएगा बल्कि सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय को रिपोर्ट देकर किसानों की दिक्कतें हल करवाई जाएंगी।
भाजपा किसान मोर्चा दिल्ली के हाथ कमान
भारतीय जनता पार्टी ने किसान मोर्चा दिल्ली को इस बात की कमान सौंपी है। यह मोर्चा देश भर में जाकर किसानों से फीडबैक लेगा तथा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को रिपोर्ट देगा। इस रिपोर्ट पर आधारित फीडबैक को प्रधानमंत्री कार्यालय व राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सौंपा जाएगा।
लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी
भारतीय जनता पार्टी किसानों से फीडबैक लेने की आड़ में अगले लोकसभा चुनावों की तैयारी कर रही है। बजट में किसानों के लिए तिजोरी खोलने के बाद भाजपा अब किसानों का मन टटोलना चाहती है। संभावना है कि पार्टी समय से पहले चुनाव करवा सकती है, जिसके लिए दिसम्बर-2018 माह को चुना जा सकता है। लेकिन यह सब कुछ काफी हद तक किसानों की फीडबैक पर निर्भर करेगा।
150 जिलों में जाएंगी टीमें
भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा ने इस अभियान के लिए जो स्ट्रैटजी बनाई है, उसके लिए दिल्ली किसान मोर्चा की टीमें देश भर के 150 जिलों में जाएंगी। एक-एक राज्य के कम-से-कम 5 जिलों में टीम जरूर जाएगी। यह टीम वहां पर किसानों से लेकर किसान यूनियनों के नेताओं से मिलेगी। इस दौरान उनकी फीडबैक के साथ-साथ केंद्र सरकार से किसानों की उम्मीदों व संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
मोदी सरकार की योजनाओं का होगा प्रचार
भाजपा किसान मोर्चा की टीमें इस अभियान के दौरान किसानों को केंद्र सरकार की किसान बीमा योजना व अन्य योजनाओं के बारे जानकारी देकर उन्हें इन योजनाओं का वहन करने के तौर-तरीकों के बारे बताएंगे।
कृषि मंत्री करेंगे अभियान को लीड
भारतीय जनता पार्टी के इस अभियान को कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह लीड करेंगे। उनके नेतृत्व में ही एक प्रश्नपत्र तैयार किया गया है जिसे किसानों के पास जाकर भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त एक शार्ट फिल्म भी बनाई गई है जिसे किसानों को दिखाया जाएगा। इसमें किसानों से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई है।