Edited By Punjab Kesari,Updated: 15 Dec, 2017 09:09 AM
भारतीय जनता पार्टी के पंजाब के मामलों के प्रभारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य प्रभात झा ने कहा कि पंजाब में कै. अमरेन्द्र सिंह निकाय चुनावों में अपनी ताकत का दुरुपयोग कर चुनावी परिणामों को प्रभावित कर कांग्रेस के पक्ष में करने की कोशिश कर...
जालंधर (पाहवा) : भारतीय जनता पार्टी के पंजाब के मामलों के प्रभारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य प्रभात झा ने कहा कि पंजाब में कै. अमरेन्द्र सिंह निकाय चुनावों में अपनी ताकत का दुरुपयोग कर चुनावी परिणामों को प्रभावित कर कांग्रेस के पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के आजाद होने के 70 साल बाद पंजाब में कै. अमरेन्द्र सिंह की ओर से इस प्रकार की ओछी राजनीति करना बड़ी शर्म की बात है।
उन्होंने कहा कि कै. सरकार विरोधी दल के उम्मीदवारों को गिरफ्तार करने या उन्हें बेवजह तंग करने का काम कर रही है। झा ने कहा कि कै. अमरेन्द्र सिंह ने पिछले कुछ दिनों में निकाय चुनावों का आगाज होने के बाद से एक बार फिर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाई गई इमरजैंसी को याद करवा दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से गांधी ने आपातकाल के दौर में मनमर्जी से विरोधियों को दबाने की कोशिश की थी वही काम कै. अमरेन्द्र सिंह पंजाब में निकाय चुनावों में कर रहे हैं। झा ने कहा कि पिछले समय में हुए विधानसभा चुनावों में अकाली-भाजपा सरकार सत्ता में थी, लेकिन सरकार की तरफ से चुनावों को लोकतांत्रिक तरीके से करवाया गया। उस समय में किसी भी विरोधी दल को इस तरह से परेशान नहीं किया गया और हार को गठबंधन ने स्वीकार किया। लेकिन हार से डरे कै. अमरेन्द्र सिंह विरोधी दल के नेताओं खासकर उम्मीदवारों को निशाना बनाने की ओछी राजनीति कर रहे हैं। झा ने कहा कि इस संबंध में चुनाव आयोग से भी उनकी अपील है कि वह चुनावों को निष्पक्ष और लोकतांत्रिक तरीके से अंजाम दे। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में जो कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की तरफ से योजनाएं बनाकर विरोधी दलों को नुक्सान पहुंचाया जा रहा है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि कै. अमरेन्द्र सिंह को इसके लिए अंजाम भुगतना पड़ेगा। कै. अमरेन्द्र सिंह को यह सौदा महंगा पड़ेगा। झा ने केंद्र सरकार से भी मांग की कि पंजाब में निष्पक्ष, भयमुक्त चुनाव करवाने के लिए सुरक्षा प्रबंध पुख्ता किए जाएं। उन्होंने केंद्र से मांग की कि पंजाब में चुनावों के दौरान पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की जाए जिससे कै. अमरेन्द्र सिंह सरकार की ओर से संभावित धक्केशाही न हो सके। उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए झा ने कहा कि वहां के मुख्यमंत्री योगी आदित्यराज ने निकाय चुनावों में जिस तरह से निष्पक्ष व्यवहार अपनाया तथा चुनाव जीतकर एक नई परम्परा का गठन किया है। उन्होंने कहा कि अगर कैप्टन को लगता है कि पंजाब की जनता कांग्रेस के शासन से संतुष्ट है तो फिर वह इस प्रकार की ओछी राजनीति क्यों कर रहे हैं। झा ने यह भी कहा कि जालंधर तथा पटियाला में छ: अलग-अलग मामलों में भारतीय जनता पार्टी ने शिकायत दर्ज करवाई हैं जिनमें पार्टी के उम्मीदवारों को धमकाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि इन शिकायतों के आधार पर चुनाव आयोग से मांग की गई है कि आरोपी लोगों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।