Edited By Updated: 31 Aug, 2016 02:02 AM
मंगलवार रात को परागपुर के नजदीक नैशनल हाईवे पर किसी तेज रफ्तार वाहन के नीचे आकर बुरी तरह कुचले गए राह...
जालंधर(महेश): मंगलवार रात को परागपुर के नजदीक नैशनल हाईवे पर किसी तेज रफ्तार वाहन के नीचे आकर बुरी तरह कुचले गए राह जाते 29 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परागपुर चौकी की पुलिस व थाना रामा मंडी की दकोहा पुलिस चौकी के प्रभारी सेवा सिंह और सुशील कुमार मौके पर पहुंच गए और सड़क के बीच पड़े हुए युवक के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
ए.एस.आई. सेवा सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान दिनेश राम पुत्र दीवान राम मूल निवासी उत्तराखंड व हाल निवासी परागपुर के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों के अनुसार दिनेश मैक्डानेल्ड में काम करता था और आज सुबह किसी काम से चंडीगढ़ के लिए निकला था। पुलिस जांच में पता चला है कि दिनेश बस से उतरने के बाद पैदल गांव परागपुर की तरफ जा रहा था कि किसी तेज रफ्तार वाहन की फेट लगने से वह उसी के नीचे आ गया। उसका सिर बुरी तरह कुचले जाने के कारण मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे वाली जगह पर पहुंचे मृतक के परिजनों से उसका शव देखा नहीं जा रहा था। उसे फेट मारने वाले वाहन का भी अभी पता नहीं चला है।
पुलिस ने मृतक के ताए के बेटे बच्छी राम के बयानों पर फरार आरोपी के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 279 व 304ए के तहत मामला थाना रामा मंडी में दर्ज कर लिया है। मृतक दिनेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक शादीशुदा था और उसकी पत्नी व 2 बच्चे भी परागपुर में ही उसके साथ रहते थे।