Edited By Punjab Kesari,Updated: 03 Jan, 2018 09:44 AM
आयकर विभाग (इन्वैस्टीगेशन विंग) द्वारा पिछले सप्ताह जालंधर व लुधियाना में उप्पल व बाठ ग्रुप पर की गई सर्च के बाद विभाग के अधिकारियों ने आज से उनके बैंक लॉकरों को खोलना शुरू कर दिया है। सूत्रों से पता चला है कि आज देर शाम आयकर विभाग की ए.डी.आई....
जालंधर (धवन): आयकर विभाग (इन्वैस्टीगेशन विंग) द्वारा पिछले सप्ताह जालंधर व लुधियाना में उप्पल व बाठ ग्रुप पर की गई सर्च के बाद विभाग के अधिकारियों ने आज से उनके बैंक लॉकरों को खोलना शुरू कर दिया है। सूत्रों से पता चला है कि आज देर शाम आयकर विभाग की ए.डी.आई. हरप्रीत हंसरा, आई.टी.ओ. नरेश भगत, इंस्पैक्टर नरिन्द्र कुमार, मनविन्द्र सिंह असीजा व अजयपाल ने कैपिटल लोकल एरिया बैंक की बस स्टैंड के सामने स्थित शाखा में जाकर उप्पल ग्रुप का बैंक का लॉकर खोला। इस अवसर पर पवित्र सिंह उप्पल तथा उनका मैनेजर राजीव कुमार भी मौजूद था।
सूत्रों ने बताया कि इन्वैस्टीगेशन विंग के प्रिंसीपल डायरैक्टर परनीत सचदेव के निर्देशों पर हुई सर्च के दौरान आधा दर्जन से अधिक बैंक लॉकरों को सील किया गया था। बैंक में लॉकरों को खोलने के समय संबंधित लॉकरों के मालिकों को साथ लेकर आयकर अधिकारी जाते हैं। उन्होंने कहा कि कैपिटल बैंक में स्थित उक्त लॉकर उप्पल के मैनेजर के नाम पर था, जबकि उसका संचालन उप्पल ग्रुप द्वारा किया जा रहा था। सूत्रों ने कहा कि बैंक लॉकर से आयकर अधिकारियों को ज्वैलरी या अन्य वस्तु तो नहीं मिली, परन्तु बड़े पैमाने पर प्रॉपर्टी के कागज अवश्य आयकर अधिकारियों के हाथ लगे हैं।
अधिकारियों ने प्रॉपर्टी के कागजात अपने कब्जे में ले लिए हैं। अब अधिकारियों द्वारा इन कागजातों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी अन्य बैंक लॉकरों को भी धीरे-धीरे आयकर अधिकारियों द्वारा खोला जाएगा। उसके बाद पता चलेगा कि अन्य बैंक लॉकरों में क्या कुछ रखा हुआ है। उप्पल ग्रुप का उक्त मैनेजर बाठ कैसल में स्थित कार्यालय में बैठता है। फिलहाल आयकर अधिकारियों ने इस मामले में कुछ भी खुलासा करने से इंकार कर दिया है। सर्च का कार्य तो सम्पन्न हो चुका है, परन्तु उसकी कार्रवाई अभी अगले कुछ दिनों तक चलने के आसार हैं।