बाढ़ प्रभावित इलाकों में मोबाइल बोट टीमों के जरिए पहुंचेगी मदद

Edited By Vatika,Updated: 23 Aug, 2019 12:18 PM

in flood affected areas help will be reached through mobile boat teams

बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को मदद पहुंचाने के लिए मोबाइल बोट टीमों का गठन किया गया है जोकि शुक्रवार सुबह से कार्य शुरू कर देगी।

जालंधर(पुनीत): बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को मदद पहुंचाने के लिए मोबाइल बोट टीमों का गठन किया गया है जोकि शुक्रवार सुबह से कार्य शुरू कर देगी। प्रत्येक इलाके में 2-2 बोट रवाना होगी, इनमें पहली बोट में विभिन्न विभागों के अधिकारी व राहत सामग्री रहेगी जबकि दूसरी बोट में डिजास्टर रिस्पांस फोर्स के जवान तैनात रहेगी जोकि पहली बोट को कवरिंग देगी। राहत सामग्री में खाने-पीने के सामान, दवाएं व अन्य सामग्री के साथ मैडीकल, फूड सप्लाई, पशु पालन विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। 
PunjabKesari
इस संबंध में जानकारी देते हुए डी.सी. वरिन्द्र शर्मा ने बताया कि इसके साथ-साथ एन.डी.आर.एफ. (नैशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स), एस.डी.आर.एफ. (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स), पंजाब पुलिस व सेना के जवान तैनात रहेंगे जोकि राहत कार्यों को अंजाम देंगे। डी.सी. ने बताया कि मौजूदा समय में शाहकोट सब-डिवीजन का इलाका अधिक प्रभावित हुआ है, जिसके चलते उक्त टीमों को वहां तैनात किया गया, टीमें घर-घर जाकर लोगों को राहत सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी। अधिकारियों ने कहा कि लोगों तक सामग्री पहुंचाने व राहत कार्यों में किसी तरह की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शुक्रवार से होने वाले इन बचाव कार्यों की निगरानी प्रशासन व पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाएगी। मीटिंग के दौरान ए.डी.सी. विकास कुलवंत सिंह, एस.डी.एम.-2 परमवीर सिंह परमार, सिविल सर्जन गुरिन्द्र कौर चावला, एस.पी. रविन्द्रपाल सिंह संधू सहित बड़ी संख्या में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। 
PunjabKesari
2 दिन बाद भरी गई धुस्सी बांध की 165 फुट लंबी दरार
फिल्लौर सब-डिवीजन के अन्तर्गत आते इलाके के धुस्सी बांध में 165 फुट लंबी जो दरार पड़ी थी, प्रशासन ने उसे 2 दिन से चल रहे राहत कार्यों के बाद भर दिया। ए.डी.सी. जनरल जसबीर सिंह ने बताया कि दरार को 600 समाज सेवकों व सरकारी कर्मचारियों के साथ मिलकर भरा है। मनरेगा वर्कर, बाबा कश्मीरा सिंह, बाबा तरविन्द्र सिंह, गुरुद्वारा बाबा निहाल सिंह जी तल्हन के सेवादारों ने रेत की बोरियों को भरा था। उन्होंने बताया कि मऊ साहिब, माऊवाला में बाढ़ के कारण 4 स्थानों से बांध में दरार आई थी, जिसे भरवाया जा रहा है। 

7 गांवों में बहाल हुई बिजली सप्लाई
पानी का स्तर नीचे जाने के चलते 7 के करीब गांवों की बिजली सप्लाई चालू की गई है। पावर निगम अधिकारियों ने बताया कि लोहियां, जक्खोपुर बैल्ट के अन्तर्गत आते जिन 7 गांवों को चालू किया गया है, उसमें नवां पिंड खालेवाल, गट्टी रायपुर, गट्टी पीर बक्श, कमालपुर, जकोपुर, काकड़ कलां, फतेहपुर गांव शामिल हैं।लोहियां के महाराजवाला सब-स्टेशन में पानी कुछ नीचे हुआ है, लेकिन अभी तक पूरी तरह से पानी निकला नहीं है, इसलिए सब-स्टेशन को अभी चालू नहीं किया जा सकता। इस सब-स्टेशन से चलते 22 के करीब गांवों में अभी ब्लैकआऊट है। बिजली सप्लाई चालू करवाने में अधिकारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कई जगह पर अधिकारी पानी के बीच में बड़ी कठिनाई से बिजली सप्लाई चालू करवाते हुए देखे गए। 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!