Edited By Updated: 19 Aug, 2016 04:24 PM
पूर्व भाजपा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और भाजपा विधायक डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने एक बार फिर पंजाब के
अमृतसरः पूर्व भाजपा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और भाजपा विधायक डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने एक बार फिर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर लेटर बम फोड़ा है। मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में डॉ. सिद्धू ने कहा कि उनके पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में कुछ अकाली नेता उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के निर्देश पर विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सभी ठेकेदारों को एक योजनाबद्ध ढंग से काम जारी किए हुए हैं। जिन क्षेत्रों में बीते 60 साल से सड़कों का निर्माण नहीं हुआ था, वहां सड़कें बनाने को प्राथमिकता दी जा रही है।
डॉ. सिद्धू ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने ठेकेदारों को विधायक के निर्देशानुसार काम न करने के आदेश दिए हैं। जिन सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा था, वहां से मशीनें हटा ली गई हैं। डॉ. सिद्धू ने नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन संदीप ऋषि का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ लोगों के कहने पर उन्होंने विकास कार्य रोके हैं।
इस प्रकार की ओछी राजनीति का लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। आप जैसे समझदार नेताओं के राज में ऐसी व्यवस्था शोभा नहीं देती। डॉ. सिद्धू ने भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राम लाल व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला को इस पत्र की एक कॉपी भेजी है।