Edited By Punjab Kesari,Updated: 10 Jul, 2017 11:43 PM
आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई में बहुप्रतीक्षित संगठनात्मक ढांचे की घोषणा इसी सप्ताह हो जाएगी। पंजाब इकाई....
चंडीगढ़(शर्मा): आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई में बहुप्रतीक्षित संगठनात्मक ढांचे की घोषणा इसी सप्ताह हो जाएगी। पंजाब इकाई के प्रधान सांसद भगवंत मान तथा सह-प्रधान अमन अरोड़ा प्रस्तावित ढांचे पर केंद्रीय नेतृत्व को विश्वास में लेने के लिए दिल्ली दौरे पर हैं।
जानकारी के अनुसार संगठनात्मक ढांचे को मूर्त रूप देने से पूर्व अमन अरोड़ा के पंजाब दौरे के दौरान स्थानीय नेताओं व कार्यकत्र्ताओं के सुझावों के आधार पर तैयार की गई रिपोर्ट के आधार पर ही संगठनात्मक ढांचे को आकार दिया गया है। अब केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के पश्चात इसी सप्ताह पार्टी की राज्य स्तरीय कमेटी, जोनल प्रभारियों तथा जिला प्रधानों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
बूथ व वार्ड स्तर पर प्रभारियों के चयन में स्टेट लीडरशिप की कोई दखलअंदाजी नहीं होगी। इन स्तरों पर स्थानीय कार्यकत्र्ता सर्वसम्मति से फैसला लेंगे। अमन अरोड़ा ने भी इस बात की पुष्टि की है कि प्रदेश में पार्टी इकाई के संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप दिया जा रहा है जिसकी घोषणा अगले 2-3 दिन में कर दी जाएगी।