Edited By Punjab Kesari,Updated: 01 Sep, 2017 10:40 AM
पिछले दिनों जिला अमृतसर के गांव बक्का में भगवान वाल्मीकि मंदिर सुशोभित पावन ग्रंथ रामायण की कुछ अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा की गई बेअदबी के चलते राज्य भर के वाल्मीकि समाज में भारी आक्रोश है।
होशियारपुर (जैन): पिछले दिनों जिला अमृतसर के गांव बक्का में भगवान वाल्मीकि मंदिर सुशोभित पावन ग्रंथ रामायण की कुछ अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा की गई बेअदबी के चलते राज्य भर के वाल्मीकि समाज में भारी आक्रोश है।
करीब 8 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपियों का सुराग न लगाए जाने के कारण समाज में रोष तीव्रता से पनप रहा है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर भगवान वाल्मीकि शक्ति सेना के प्रदेश प्रधान एडवोकेट अजय कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां जिलाधीश विपुल उज्ज्वल से भेंट कर मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह को प्रेषित मांगपत्र सौंपा।
प्रदेश प्रधान अजय कुमार ने रोषपूर्वक कहा कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया था लेकिन बड़े खेद की बात है कि आज तक एक भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस घिनौनी हरकत के आरोपियों को बेनकाब नहीं किया गया तो भगवान वाल्मीकि शक्ति सेना पूरे वाल्मीकि समाज को लेकर अपने धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष करने पर मजबूर होगी।
इस मौके पर मौजूद मंदीप कुमार, जगतार सिंह लड्डू, विजय मट्टू, जोगिन्द्र पाल, जतिन्द्र पाल, सुखदेव सिंह, राजन, कर्ण, सन्नी, मनजिन्द्र, राकेश कुमार व काला सभ्रवाल आदि ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।