Edited By Punjab Kesari,Updated: 29 Nov, 2017 11:17 AM
सेंट जेवियर स्कूल की 8वीं की छात्रा रमनदीप कौर उर्फ रिया के सुसाइड मामले में जांच के लिए थाना सिविल लाईन पुलिस ने स्कूल मैनेजमैंट कमेटी से मृतक छात्रा की ओर से स्कूल एग्जाम में दिए गए पेपर कब्जे में लिए हैं।
बठिंडाः सेंट जेवियर स्कूल की 8वीं की छात्रा रमनदीप कौर उर्फ रिया के सुसाइड मामले में जांच के लिए थाना सिविल लाईन पुलिस ने स्कूल मैनेजमैंट कमेटी से मृतक छात्रा की ओर से स्कूल एग्जाम में दिए गए पेपर कब्जे में लिए हैं।
पुलिस उन पेपरों को खरड़ (रूप नगर) स्थित फोरेंसिक साइंस लैब में भेजेगी ताकि मृतका के बैग में से मिले सुसाइड नोट की राइटिंग को उन पेपरों से मैच करा कर मामले की सच्चाई का पता लगाया जा सके। इसके लिए डी.एस.पी. सिटी-2 गुरप्रीत सिंह गिल ने थाना सिविल लाइन के एस.एच.ओ. कुलदीप सिंह भुल्लर की ड्यूटी लगाई है जो बुधवार को रूपनगर के लिए रवाना होंगे।
बता दें कि रिया के सुसाइड मामले में उसके सुसाइड नोट के आधार पर थाना सिविल लाईन पुलिस ने सेंट जेवियर के प्रिंसीपल फादर यूलालिओ फर्नांडिस, अंग्रेजी टीचर नेहा शर्मा तथा काऊंसलिंग टीचर पूनम आहलुवालिया के खिलाफ 19 नवंबर को केस दर्ज किया था। केस दर्ज होने के दस दिन बाद अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। डी.एस.पी. का कहना था कि पूरी जांच के बाद ही आरोपियों को अरेस्ट किया जाएगा। डी.एस.पी. गुरप्रीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने स्कूल से रिया के पेपर ले लिए हैं। जिसे जांच के लिए लैब में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह था मामला
गौर हो कि 13 वर्षीय 8वीं क्लास की छात्रा रिया गत 25 अक्टूबर को सिविल लाइंस स्थित सरकारी क्वार्टर के पास घायल बेहोशी की हालत में पड़ी मिली थी। रिया को पहले मैक्स अस्पताल और बाद में पी.जी.आई. चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया। मगर 7 नवंबर को वहां उसकी मौत हो गई। 13 नवंबर को रिया के स्कूल बैग में से एक सुसाइड नोट मिला। इस आधार पर पुलिस ने प्रिंसीपल समेत दो अध्यापिकाओं पर केस दर्ज किया था।