Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Nov, 2017 05:02 PM
गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पंजाब से कांग्रेसी इस बार चुनाव प्रचार के लिए नहीं जा सकेंगे।
जालंधर (धवन): गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पंजाब से कांग्रेसी इस बार चुनाव प्रचार के लिए नहीं जा सकेंगे। इसका कारण स्पष्ट है कि पंजाब सरकार राज्य में जालंधर, अमृतसर तथा पटियाला में नगर निगम के चुनाव 12 से 15 दिसम्बर के बीच में करवाने जा रही है। नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेसियों को पंजाब में रहना पड़ेगा, इसलिए गुजरात में कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के लिए वह समय नहीं निकाल सकेंगे।
गुजरात में विधानसभा के चुनाव दो चरणों में होने जा रहे हैं। 9 दिसम्बर को पहले चरण में मतदान होगा जबकि दूसरे चरण के लिए मतदान 14 दिसम्बर को होना है। चुनावी नतीजे 18 दिसम्बर को इकट्ठे ही हिमाचल प्रदेश के साथ ऐलाने जाएंगे। अब चूंकि सोमवार तक पंजाब में नगर निगम चुनाव की वास्तविक तारीखों का ऐलान हो जाएगा, जिसके बाद न तो कोई मंत्री और न ही कांग्रेसी नेता प्रचार हेतु गुजरात के लिए समय निकाल पाएंगे। पता चला है कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह तथा पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इस संबंध में कांग्रेस नेतृत्व को सूचित कर दिया है कि राज्य में नगर निगम चुनाव होने के कारण कांग्रेसियों का गुजरात जाना मुश्किल होगा।
हिमाचल प्रदेश में राज्य विधानसभा के आम चुनावों के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने लगातार तीन दिनों तक कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया था। वहीं पर दूसरी ओर सुनील जाखड़ भी प्रचार के लिए गए हुए थे। कांग्रेसी मंत्री भी पंजाबी बहुल क्षेत्रों में प्रचार के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की मदद के लिए गए थे। अब कांग्रेस मंत्रियों की डयूटियां प्रदेश कांग्रेस कमेटी तथा मुख्यमंत्री द्वारा नगर निगम चुनाव को देखते हुए तीनों शहरों में लगा दी जाएंगी।
डिवैल्पमैंट के मुद्दे पर कांग्रेस लड़ेगी चुनाव: जाखड़
पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि कांग्रेस राज्य में कार्पोरेशन चुनाव डिवैल्पमैंट के मुद्दे पर लड़ेगी क्योंकि पूर्व अकाली भाजपा गठबंधन के हाथों मे ंजब तक शहरों की कमान रही, तो शहरों में नरकीय हालात बने रहे। अब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कांगेस सरकार द्वारा शहरों के लिए ग्रांटें देने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध ढंग से अब शहरों का विकास होगा तथा आने वाले एक-दो वर्षों में इसकी झलक जनता को देखने को मिलेगी। उन्होंने दावा किया कांग्रेस आसानी से सभी कार्पोरेशनों को भाजपा -अकाली गठबंधन से अपने कब्जे में ले लेगी।