Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Aug, 2017 02:55 PM
अक्तूबर के बाद पटियाला से चंडीगढ़ जाना और महंगा हो जाएगा, क्योंकि केंद्र सरकार पटियाला से चंडीगढ़ रोड पर दो टोल प्लाजा लगाने जा रही है।
पटियालाः अक्तूबर के बाद पटियाला से चंडीगढ़ जाना और महंगा हो जाएगा, क्योंकि केंद्र सरकार पटियाला से चंडीगढ़ रोड पर दो टोल प्लाजा लगाने जा रही है। एक टोल राजपुरा रोड पर स्थित गांव धरमेड़ी के पास व दूसरा छतबीड़ के नजदीक लगेगा। फिलहाल इन टोल का काम अभी बाकी है, जोकि अक्तूबर तक पूरा होने की संभावना है। काम पूरा होने के बाद केंद्र सरकार द्वारा इन दोनों टोल को शुरू कर दिया जाएगा।
इससे पहले केंद्र सरकार द्वारा नाभा रोड व समाना रोड पर भी टोल प्लाजा शुरू किया गया था। पटियाला से चंडीगढ़ रोड पर टोल शुरू होने के बाद यहां 1 रुपए प्रति किलो मीटर के हिसाब से लोगों से पैसे वसूल किए जाएंगे। यानि अगर आपको चंडीगढ़ जाना है तो करीब 40 रुपए टोल देना होगा।
सूत्र बताते हैं कि बाद में केंद्र सरकार इसे बढ़ा भी सकती है, क्योंकि समय-समय पर केंद्र सरकार की गाइडलाईन बदलती रहती है। फिलहाल यहां से गुजरने वाली ट्रैफिक पर यही रेट लागू किया जाएगा। पी.डब्ल्यू.डी. डिपार्टमैंट के नैशनल हाइवे ब्रांच के अनुसार अक्तूबर के बाद इन दोनों टोल प्लाजा को शुरू कर दिया जाएगा।
पी.डब्ल्यू.डी. डिपार्टमेंट की नैशनल हाईवे ब्रांच के एस.डी.ओ. हरपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल इन दोनों टोल प्लाजा का कांट्रक्शन का काम चल रहा है। काफी काम होने वाला है। इस काम को पूरा करने में दो से चार महीने भी लग सकते हैं। काम पूरा होने के बाद ही इन्हें शुरू किया जाएगा।