Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Jun, 2017 10:23 AM
जिले में कोई भी गरीब व्यक्ति खाने के बिना भूखा न सोए, इसके लिए जिला प्रशासन एवं पंजाब सरकार की तरफ से शहर के
फिरोजपुर (मनदीप, परमजीत, शैरी, शर्मा): जिले में कोई भी गरीब व्यक्ति खाने के बिना भूखा न सोए, इसके लिए जिला प्रशासन एवं पंजाब सरकार की तरफ से शहर के रायसिख भवन में सांझी रसोई की स्थापना की गई है, जिसमें गरीब व आम वर्ग के लोगों को मात्र 10 रुपए में भरपेट खाना मिलेगा। सरकार एवं प्रशासन की तरफ से तैयार की गई इस सांझी रसोई का उद्घाटन कांग्रेसी विधायक परमिन्द्र सिंह पिंकी, कांग्रेसी विधायक कुलबीर सिंह जीरा एवं जिला उपायुक्त रामवीर ने संयुक्त रूप से अपने कर-कमलों से किया और 10 रुपए के हिसाब से गरीब लोगों को खाना खिलाने की शुरूआत की।
सांझी रसोई का उद्घाटन करते हुए कांग्रेसी विधायक परमिन्द्र सिंह पिंकी फिरोजपुर एवं विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा गरीब लोगों को सुविधा देने के लिए अहम कदम उठाए हैं और इसी उद्देश्य को लेकर फिरोजपुर में गरीबों को 10 रुपए में पेट भर खाना मुहैया करवाने के लिए सांझी रसोई का उद्घाटन किया गया है।इस दौरान पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए जिला उपायुक्त रामवीर ने बताया कि आज शुरू हुई इस सांझी रसोई में पहले दिन 200 के करीब लोगों के लिए खाना तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लोगों की डिमांड और जरूरत के अनुसार खाने की मात्रा बढ़ाई जाएगी। इस दौरान एस.डी.एम. फिरोजपुर हरजीत सिंह, बिट्टू शागा, वकील गुलशन मोंगा, धर्मजीत सिंह होंडा वाले, बलबीर सिंह बाठ, रैड क्रॉस सचिव अशोक बहल आदि उपस्थित थे।
‘कै. सरकार का किसानों का कर्ज माफ करना एक ऐतिहासिक फैसला’: कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की सरकार ने 5 एकड़ जमीन वाले छोटे और मध्यम वर्गीय किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने का जो ऐतिहासिक फैसला लिया है, से 10 लाख 25 हजार किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। कैप्टन सरकार का यह पहला ऐसा बजट है, जिसमें कोई भी नया टैक्स नहीं लगाया गया, बल्कि वित्त मंत्री ने किसान, मजदूर, गरीब वर्ग, व्यापारी वर्ग के अलावा हर वर्ग के लोगों को बड़ी राहत देकर एक विकास प्रमुख बजट पेश किया है। ये विचार विधायक परमिन्द्र सिंह पिंकी ने पत्रकारों के साथ विशेष बातचीत दौरान व्यक्त किए। इस दौरान उनके साथ कुलबीर सिंह जीरा भी उपस्थित थे। इस मौके कुलबीर सिंह जीरा ने बताया कि शिक्षा में सुधार के लिए प्राइमरी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विशेष तौर पर व्यवस्था करना और सेहत सेवाओं में सुधार लाने के लिए 1358 करोड़ रुपए के बजट की व्यवस्था भी की गई है।